नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने एक बड़ी सामाजिक पहल शुरू करने का निर्णय लिया है, जिसका नाम है "अटल कैंटीन योजना". इस योजना के तहत, राजधानी के नागरिकों को महज़ ₹5 में गरम, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा. यह योजना गरीबों, श्रमिकों और आम नागरिकों के लिए राहत का एक महत्वपूर्ण साधन साबित होगी. साथ ही, यह सामाजिक समानता और गरिमा के सिद्धांत को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस योजना को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की हैं.
अटल जी के जन्मदिन पर कैंटीन का उद्घाटन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की कि इस योजना की शुरुआत राजधानी दिल्ली के 100 स्थानों पर होगी, जहां अटल कैंटीन खोली जाएंगी. इन कैंटीन के उद्घाटन का खास दिन होगा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन. कैंटीनों के संचालन की जिम्मेदारी विभिन्न चयनित संस्थाओं को सौंपने का फैसला लिया गया है, और इनकी पूरी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के लिए एक अंतर-विभागीय समिति द्वारा स्थान चयन, मेन्यू, वितरण प्रणाली और प्रबंधन ढांचे पर काम किया गया है.
मेन्यू में क्या होगा?
अटल कैंटीन में परोसा जाने वाला भोजन सस्ता और पौष्टिक होगा. मेन्यू में दाल-चावल, सब्जी और रोटी जैसी घरेलू स्वादिष्ट चीजें शामिल हैं. प्रत्येक कैंटीन पर रोज़ाना सुबह और शाम 500-500 थाली परोसी जाएंगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को यह सुविधा मिल सके. इसके अलावा, सरकार भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सब्सिडी भी प्रदान करेगी, ताकि किसी भी नागरिक को सस्ता भोजन मिल सके.
डिजिटल टोकन सिस्टम से होगी निगरानी
भोजन वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी और अनियमितताओं से मुक्त रखने के लिए, डिजिटल टोकन प्रणाली को लागू किया जाएगा. इससे यह सुनिश्चित होगा कि कोई भी व्यक्ति बिना सिस्टम के अनुकूल तरीके से भोजन प्राप्त न कर सके. हर वितरण केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, और पूरी प्रक्रिया की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग डिजिटल प्लेटफॉर्म से की जाएगी.
क्वालिटी कंट्रोल के लिए कड़ी जांच
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि भोजन की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी. रसोई में आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया जाएगा, साथ ही एलपीजी आधारित कुकिंग सिस्टम, इंडस्ट्रियल आरओ जल व्यवस्था और ठंडे भंडारण की सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी. FSSAI और NABL से मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं के माध्यम से भोजन और कच्चे माल के नमूने नियमित रूप से जांचे जाएंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि गुणवत्ता पर कोई समझौता न हो.
सस्ता भोजन: दिल्ली सरकार का संकल्प
मुख्यमंत्री ने इस योजना को दिल्ली की आत्मा बताते हुए कहा कि अटल कैंटीन के माध्यम से हम यह सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली के किसी भी नागरिक को भूखा न रहना पड़े. गरीबों और वंचितों के लिए सस्ता, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना दिल्ली सरकार का संकल्प है. यह योजना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के गरीबों के प्रति गहरे प्रेम और संवेदना को समर्पित है, जिन्होंने हमेशा कहा कि गरीबी केवल आर्थिक नहीं, बल्कि अवसरों की कमी भी है. इसी सोच से प्रेरित होकर दिल्ली सरकार यह कदम उठा रही है.
ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए भी विशेष पहल
दिल्ली सरकार ने ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए एक नई पहल की घोषणा की है. ट्रांसजेंडर्स को अब दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) और क्लस्टर बसों में 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' के माध्यम से निःशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी. यह कदम वंचित समुदाय के सम्मान और सुविधा को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से उठाया गया है.
ये भी पढ़ें: अब पेरेंट्स और टीचर्स का डिजिटल कनेक्शन होगा मजूबत, दिल्ली सरकार ने School Web App किया लॉन्च