Delhi Metro Museum: नई दिल्ली की पहचान बन चुकी दिल्ली मेट्रो की यात्रा अब केवल सफर तक सीमित नहीं रही. शहर की लाइफलाइन कही जाने वाली मेट्रो के इतिहास, तकनीक और विकास को नजदीक से समझने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने एक खास पहल की है. सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर बने दिल्ली मेट्रो म्यूजियम में अब लोग मेट्रो की शुरुआत से लेकर उसके विस्तार तक की पूरी कहानी देख और महसूस कर सकेंगे. यह म्यूजियम शुक्रवार से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा, जहां प्रवेश शुल्क मात्र 10 रुपये रखा गया है.
इस अनोखे म्यूजियम का उद्घाटन बुधवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया. उद्घाटन के मौके पर उन्होंने दिल्ली मेट्रो की उपलब्धियों को याद करते हुए इसे राजधानी के विकास की रीढ़ बताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली मेट्रो न सिर्फ एक परिवहन व्यवस्था है, बल्कि यह आधुनिक भारत की सोच और क्षमता का प्रतीक भी है.
म्यूजियम में कदम रखते ही मिलेगी मेट्रो स्टेशन जैसी फील
सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन के ग्राउंड फ्लोर पर बने इस म्यूजियम में प्रवेश करते ही आपको एक असली मेट्रो स्टेशन जैसा अनुभव होगा. काउंटर से 10 रुपये का टोकन लेने के बाद जैसे ही अंदर कदम रखते हैं, सबसे पहले वर्ष 1995 में डीएमआरसी की स्थापना से जुड़ा प्रमाणपत्र और शुरुआती दस्तावेज देखने को मिलते हैं. यहीं से दिल्ली मेट्रो की ऐतिहासिक यात्रा शुरू होती है.
स्लाइड्स और डिजिटल स्क्रीन पर दिखेगा मेट्रो का सफर
म्यूजियम के अगले हिस्से में स्लाइड्स और डिस्प्ले बोर्ड के जरिए डीएमआरसी के विकास की कहानी बताई गई है. यहां ‘मेट्रो मैन’ और दिल्ली मेट्रो के पहले प्रबंध निदेशक ई. श्रीधरन के योगदान को खास तौर पर दर्शाया गया है. इसके अलावा एक डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से साल-दर-साल बढ़ते दिल्ली मेट्रो नेटवर्क को दिखाया गया है, जिससे यह समझ आता है कि कैसे मेट्रो ने राजधानी की तस्वीर बदल दी.
सिम्युलेटर पर खुद चलाएं मेट्रो ट्रेन
म्यूजियम का सबसे आकर्षक और रोमांचक हिस्सा मेट्रो ड्राइविंग सिम्युलेटर है. यहां लोग वर्चुअल तरीके से मेट्रो ट्रेन चलाने का अनुभव ले सकते हैं. यह सुविधा पूरी तरह मुफ्त है. सिम्युलेटर में बारिश, कोहरा, दिन और रात जैसी अलग-अलग परिस्थितियों को चुनकर ट्रेन चलाने का अहसास किया जा सकता है. इसके लिए दो अत्याधुनिक सिम्युलेटर मशीनें लगाई गई हैं, जो खासकर युवाओं और बच्चों को खूब आकर्षित करेंगी.
सेल्फी पॉइंट और भारत के मेट्रो नेटवर्क की झलक
दिल्ली मेट्रो के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल के अनुसार, म्यूजियम में एक खास सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया है, जहां मेट्रो ट्रेन का मॉडल लगाया गया है. इसके साथ ही पूरे भारत में तेजी से फैल रहे मेट्रो नेटवर्क की जानकारी भी यहां उपलब्ध है. इसके अलावा दिल्ली मेट्रो से जुड़े ज्ञान को परखने के लिए प्रश्न-उत्तर का एक इंटरैक्टिव सेक्शन भी रखा गया है, जिससे म्यूजियम का अनुभव और रोचक बन जाता है.
युवाओं के लिए खास संदेश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह म्यूजियम दिल्ली मेट्रो की गौरवशाली यात्रा और उसके योगदान को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है. उन्होंने खास तौर पर युवाओं से अपील की कि वे यहां आकर दिल्ली के विकास में मेट्रो की भूमिका को समझें और महसूस करें. उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जिस तरह मेट्रो नेटवर्क का विस्तार हुआ है, वह देश के लिए प्रेरणा है.
यह भी पढ़ें: Delhi Weather Update: दिल्ली में येलो अलर्ट... रद्द हुईं 21 फ्लाइट, पढ़ें आज के मौसम का हाल