Delhi Air Pollution: दिल्ली-NCR में फिर छाया 'सांसों' का संकट, ग्रैप-4 की पाबंदियां हुईं लागू

Delhi NCR Air Pollution Grape-4 restrictions into effect

Delhi Grap 4 Restrictions: दिल्ली-एनसीआर की फिज़ा एक बार फिर सांस लेने लायक नहीं रही. सर्दियों की दस्तक के साथ ही स्मॉग ने राजधानी को अपनी गिरफ्त में ले लिया है और हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि हवा का स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी से भी आगे निकल गया है. जैसे ही एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 के पार पहुंचा, प्रशासन को मजबूरन सबसे सख्त कदम उठाना पड़ा. करीब 24 दिनों बाद एक बार फिर ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का चौथा और सबसे कठोर चरण लागू कर दिया गया है. इसके असर से आम लोगों की आवाजाही, गाड़ियों की एंट्री और बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित होने लगी है.


कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट के अनुसार, शनिवार शाम तक दिल्ली का औसत AQI 400 के आसपास पहुंच गया था, जो रात होते-होते 428 तक चढ़ गया. मौसम विभाग की चेतावनी ने चिंता और बढ़ा दी. पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और हवा की रफ्तार बेहद धीमी रहने के कारण प्रदूषित कण वातावरण में जमे रहने की आशंका जताई गई. हालात की गंभीरता को देखते हुए सीएक्यूएम ने आपात बैठक बुलाकर GRAP-4 लागू करने का निर्णय लिया. पहले से लागू ग्रैप-1, 2 और 3 के ऊपर अब चौथा चरण भी जोड़ दिया गया है.