सर्दी के मौसम ने दिल्ली–एनसीआर में धीरे-धीरे अपनी पकड़ मजबूत कर ली है, लेकिन तापमान गिरने के साथ जिस चीज़ ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ाई हैं, वह है लगातार बिगड़ती हवा की गुणवत्ता. राजधानी में सुबह की शुरुआत हल्की ठंड, धुंध और प्रदूषण की परत के साथ हो रही है, और मौसम विभाग ने साफ संकेत दे दिए हैं कि फिलहाल इससे राहत मिलना मुश्किल है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज दिल्ली–एनसीआर का मौसम शुष्क रहेगा और कई इलाकों में हल्का कुहासा छाया रह सकता है. दिन में हल्की धूप जरूर निकलेगी, लेकिन वायु-गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में ही रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है.
दिल्ली में बढ़ता कोहरा और ‘गंभीर’ होता AQI
राजधानी में गुरुवार को भी हवा का स्तर चिंताजनक रहा. दिल्ली का औसत एक्यूआई 391 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी की सीमा के बेहद करीब है. कई निगरानी केंद्रों पर तो एक्यूआई 400 से ज्यादा रहा, जिनमें चांदनी चौक, आनंद विहार, डीटीयू, बवाना, मुंडका, नरेला और वजीरपुर जैसे इलाके शामिल थे.IMD का अनुमान है कि सुबह और देर रात को कोहरा बना रहेगा, जबकि दोपहर में हल्की धूप नजर आएगी. उधर, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी ठंडी हवाओं के चलते सुबहें और ज्यादा सर्द हो रही हैं. हवा की रफ्तार कम होने के कारण प्रदूषण नीचे बैठ रहा है और स्थिति लगातार और खराब होती दिख रही है.
अगले छह दिनों में भी नहीं मिलेगी राहत
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में एक्यूआई में सुधार की कोई संभावना नहीं है.बीते दिनों की बात करें तो बुधवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 392, मंगलवार को 374 और सोमवार को 351 रिकॉर्ड किया गया था.पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले छह दिनों तक दिल्ली की हवा ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में ही घूमती रहेगी. CPCB के समीर ऐप के अनुसार, गुरुवार को 38 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 18 स्टेशनों पर हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ स्तर पर दर्ज हुई.तापमान की बात करें तो दिल्ली में न्यूनतम तापमान 11.4°C रहा, जो सामान्य से लगभग एक डिग्री कम है. वहीं अधिकतम तापमान 28.2°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है.
राजस्थान में भी ठंड की दस्तक, तापमान गिरा
उत्तर भारत में केवल दिल्ली–एनसीआर ही नहीं, राजस्थान के कई हिस्सों में भी सर्दी ने कदम तेज कर दिए हैं.शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जो इस समय औसत से काफी नीचे है.मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य के ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर है, लेकिन यह अब भी सामान्य से 3–4 डिग्री कम बना हुआ है. अगले 10 दिनों तक राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव देखने की संभावना नहीं है.
यह भी पढ़ें: रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ ED की बड़ी कार्रवाई, पहली बार चार्जशीट में आया नाम; जानें क्या है मामला