Disha Patani: दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो और संदिग्धों को हिरासत में लिया है. दोनों पर अभिनेत्री के बरेली स्थित घर की रेकी करने का आरोप है. चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों ने खुद को नाबालिग बताया है, जिसके चलते पुलिस अब उनकी उम्र की कानूनी जांच कर रही है.
इससे पहले, इस हाई-प्रोफाइल मामले में शामिल दो अपराधियों को पुलिस ने गाजियाबाद में एक मुठभेड़ में मार गिराया था. यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल, उत्तर प्रदेश एसटीएफ और हरियाणा एसटीएफ के संयुक्त ऑपरेशन के तहत ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में की गई थी. मारे गए बदमाशों की पहचान हरियाणा के रविंद्र और अरुण के रूप में हुई थी, जो रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़े थे.
इलाके में फैली थी दहशत
12 सितंबर की तड़के करीब 3:45 बजे, बरेली स्थित दिशा पाटनी के घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोलियों की बौछार कर दी थी. घटना के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई थी. बरेली कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज की गई, और पूरे मामले को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे.
सीसीटीवी फुटेज और खुफिया सूचना ने खोले राज
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, खुफिया सूत्रों से जानकारी जुटाई और अन्य राज्यों के आपराधिक रिकॉर्ड की छानबीन की. जांच में सामने आया कि हमलावर हरियाणा के रहने वाले पेशेवर शूटर थे, जिनका संबंध गोल्डी बराड़ गिरोह से था.
साजिश की परतें गहरी होती जा रही हैं
अब जब दो नए संदिग्ध हिरासत में हैं और उन पर घर की रेकी करने का आरोप है, तो पूरा मामला और भी जटिल होता जा रहा है. पुलिस को संदेह है कि यह घटना केवल डराने के मकसद से नहीं, बल्कि एक बड़े जबरन वसूली रैकेट या किसी आपराधिक योजना का हिस्सा हो सकती है. जांच टीम इस मामले से जुड़े अन्य फरार अपराधियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.
सेलिब्रिटी और संगठित अपराध, बढ़ता खतरा
यह पूरी घटना यह दिखाने के लिए काफी है कि फिल्मी सितारे अब सिर्फ सेलिब्रिटी नहीं, बल्कि संगठित अपराध गिरोहों के टारगेट भी बन चुके हैं. हालांकि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी मुस्तैदी से जुटी हैं, और ऐसे तत्वों को अब साफ संदेश दे दिया गया है, कानून के शिकंजे से कोई नहीं बच सकता.
यह भी पढ़ें- कौन हैं इल्हान उमर? जिसके ऊपर बुरी तरह भड़के ट्रंप, कहा- नागरिकता के लिए भाई से शादी...