Delhi Pollution: दिल्ली की हवा अब सिर्फ गंदी नहीं, बल्कि जानलेवा हो चुकी है. हर साल सर्दियों में राजधानी में प्रदूषण अपने चरम पर पहुंचता था, लेकिन अब यह एक स्थायी समस्या बन चुका है. यह सिर्फ एक मौसमी परेशानी नहीं है, बल्कि पूरे साल चलता हुआ साइलेंट किलर बन गया है. हालिया रिपोर्टों के अनुसार, दिल्ली में प्रदूषित हवा अब उतनी ही खतरनाक हो गई है, जितना किसी गंभीर बीमारी से जूझना.
नई रिपोर्ट से बढ़ी चिंताएं
इंस्टीट्यूट फॉर हेल्थ मेट्रिक्स एंड इवैल्यूएशन (IHME) की ताजा रिपोर्ट ने दिल्ली में प्रदूषण की समस्या को और गंभीर बना दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2023 में दिल्ली में 17,188 मौतें वायु प्रदूषण के कारण हुई हैं. इसका मतलब है कि हर सात में से एक मौत का कारण प्रदूषित हवा है. यह आंकड़ा दिल्लीवासियों के लिए एक बड़ा खतरा साबित हो सकता है.
PM2.5: दिल्ली में मौत का मुख्य कारण
रिपोर्ट में बताया गया है कि हवा में मौजूद बेहद बारीक कण जिन्हें PM2.5 कहा जाता है, यह दिल्ली में होने वाली मौतों का सबसे बड़ा कारण बन गए हैं. ये कण इतने छोटे होते हैं कि आसानी से फेफड़ों और खून में घुस जाते हैं, जिससे दिल और फेफड़ों की बीमारियां तेजी से बढ़ती हैं. सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) के अनुसार, 2023 में दिल्ली में हुई कुल मौतों में से करीब 15 प्रतिशत मौतें सिर्फ प्रदूषण के कारण हुई हैं.
प्रदूषण से ज्यादा खतरनाक हो गए हैं ब्लड प्रेशर और शुगर
यह आंकड़ा दिखाता है कि अब प्रदूषण हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और कोलेस्ट्रॉल जैसे जोखिमों से भी ज्यादा घातक बन चुका है. दिल्ली में 2023 में प्रदूषण से 17,188 मौतें हुईं, जबकि हाई ब्लड प्रेशर से 14,874, डायबिटीज से 10,653, हाई कोलेस्ट्रॉल से 7,267 और मोटापे से 6,698 मौतें हुईं. यह स्पष्ट रूप से दिखाता है कि स्मॉग अब इन बीमारियों से भी बड़ा खतरा बन चुका है.
WHO की चेतावनी
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, दिल्ली में PM2.5 का स्तर कई गुना ज्यादा पाया गया है. इसका असर खासकर बच्चों, बुज़ुर्गों और दिल या फेफड़ों के मरीजों पर सबसे ज्यादा होता है. बच्चों में अस्थमा, फेफड़ों के इन्फेक्शन और सांस की दिक्कतें आम हो गई हैं, जबकि वयस्कों में हार्ट अटैक, स्ट्रोक और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां बढ़ रही हैं.
विशेषज्ञों की चेतावनी
CREA और अन्य विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली की खराब हवा अब सिर्फ एक पर्यावरणीय समस्या नहीं रह गई है, बल्कि यह एक पब्लिक हेल्थ क्राइसिस बन चुकी है. प्रदूषण के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है, कामकाजी लोगों की संख्या घट रही है और लोगों की औसतन उम्र घट रही है. वैज्ञानिकों का मानना है कि अगर सरकार ने इस मुद्दे पर जल्द और सख्त कदम नहीं उठाए, तो आने वाले वर्षों में यह समस्या और भी गंभीर हो सकती है.
बचाव के उपाय
विशेषज्ञों के अनुसार, दिल्ली में प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सिर्फ इमरजेंसी एक्शन प्लान की जरूरत नहीं है, बल्कि इसे लेकर दीर्घकालिक और वैज्ञानिक नीतियां बनानी होंगी.
इंडस्ट्री प्रदूषण पर सख्त नियंत्रण: फैक्ट्रियों से निकलने वाले धुएं को कम करने के लिए कड़े नियम लागू किए जाएं.
वाहनों से प्रदूषण पर रोक: पुराने और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को सड़कों से हटाना और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना.
ग्रीन जोन और पेड़-पौधों का विस्तार: ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण करना ताकि हवा में ऑक्सीजन का स्तर बढ़ सके.
ये भी पढ़ें: भारतीय नौसेना की बढ़ेगी शक्ति... ISRO कल लॉन्च करेगा CMS-03 उपग्रह, इंडिया की समुद्री ताकत में होगा इजाफा