दिल्ली ब्लास्ट केस में बड़ा खुलासा, डॉक्टर उमर चला रहा था i-20 कार, हड़बड़ी में किया धमाका?

Delhi Red Fort Blast: दिल्ली में हुए कार धमाके ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. अब इस हमले के तार एक बड़े टेरर रैकेट से जुड़ते हुए सामने आ रहे हैं. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस धमाके का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि डॉक्टर उमर था, जो इस आतंकवादी योजना का मुख्य सूत्रधार था.

Delhi Red Fort car Blast case Dr Umar was mastermind behind entire terror racket
Image Source: ANI/ Social Media

Delhi Red Fort Blast: दिल्ली में हुए कार धमाके ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. अब इस हमले के तार एक बड़े टेरर रैकेट से जुड़ते हुए सामने आ रहे हैं. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस धमाके का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि डॉक्टर उमर था, जो इस आतंकवादी योजना का मुख्य सूत्रधार था. पूरी घटना की जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि दिल्ली धमाके का असली लक्ष्य दिल्ली नहीं, बल्कि फरीदाबाद था. लेकिन जब फरीदाबाद में रेड और बरामदगी के बाद उमर को खतरनाक रूप से घेर लिया गया, तो वह बौखला गया और अपनी योजना को बदल दिया.

दिल्ली में धमाके से पहले की घटनाएं

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, धमाके के दिन, डॉक्टर उमर अपनी आई-20 कार में विस्फोटक लेकर दिल्ली पहुंचा. सूत्रों ने बताया कि वह दिल्ली के सुनहरी बाग की मस्जिद के पास स्थित पार्किंग में अपनी कार को करीब तीन घंटे तक खड़ा करता रहा. इस दौरान वह कार में बैठा रहा और जैसे ही वह पार्किंग से बाहर निकला, उसके कुछ ही देर बाद दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास जबर्दस्त धमाका हुआ.

फरीदाबाद से दिल्ली तक का पूरा रूट

दिल्ली में हुई इस भयावह घटना से पहले, 10 नवंबर को सुबह 7 बजे कार फरीदाबाद में नजर आई थी. यह कार एशियन अस्पताल के पास दिखाई दी, और फिर कुछ ही देर बाद इसने दिल्ली में प्रवेश किया. कार ने सबसे पहले बदरपुर टोल को पार किया और लगभग 8:20 बजे ओखला के पास एक पेट्रोल पंप पर दिखाई दी. वहीं, दोपहर 3:19 बजे यह कार लाल किले के पास पार्किंग में खड़ी हुई. करीब तीन घंटे बाद, यानी शाम 6:52 बजे, उस ही कार में जबर्दस्त धमाका हुआ. यह धमाका किसी बड़े साजिश का हिस्सा था, जो अब जांच एजेंसियों के निशाने पर है.

डॉक्टर उमर के तार कश्मीर से जुड़े

इस कार धमाके में शामिल कार का कनेक्शन कश्मीर तक भी पाया गया है. सूत्रों के मुताबिक, इस कार के तार पुलवामा से जुड़े हुए हैं. पुलवामा के रहने वाले दो भाई आमिर और उमर को हिरासत में लिया गया है, जिनका इस घटना में अहम रोल होने का शक है. इसके साथ ही जांच एजेंसियों ने एक और डॉक्टर, डॉ. सज्जाद अहमद मल्ला को भी हिरासत में लिया है, जो इस मामले में संदिग्ध माना जा रहा है.

जांच एजेंसियों का ताबड़तोड़ एक्शन

दिल्ली धमाके के बाद जांच एजेंसियों ने तुरंत एक्शन लिया है और मामले की गहराई से छानबीन जारी रखी है. फिलहाल, एक-एक कर सबूत जुटाए जा रहे हैं, और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.

12 लोगों की जान चली गई

इस भीषण धमाके में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, और दर्जनों लोग घायल हुए हैं. दिल्ली पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां लगातार इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही हैं. हर दिशा में जांच हो रही है, और कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. हालांकि धमाके के असली उद्देश्य और इसके पीछे के मुख्य मास्टरमाइंड के बारे में अब तक पूरी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन धीरे-धीरे मामले की परतें खुलती जा रही हैं, जो दिल्ली पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसियों के लिए एक बड़ा चुनौती बन सकती हैं.

ये भी पढ़ें: कौन है डॉक्टर शाहीन, दिल्ली धमाके के बाद हुई गिरफ्तारी; फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से निकला कनेक्शन