Delhi: बेकाबू रफ्तार ने एक और मासूम की ली जान, मोती नगर में थार ने बाइक को मारी टक्कर, मौके पर ही मौत

Road accident in Delhi: दिल्ली की सड़कों पर तेज रफ्तार एक बार फिर किसी की जिंदगी छीन ले गई. मोती नगर इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में एक बाइक सवार की जान चली गई. बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार थार SUV ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई.

Delhi Thar hit the bike in Moti Nagar died on the spot now more
Image Source: ANI

Road accident in Delhi: दिल्ली की सड़कों पर तेज रफ्तार एक बार फिर किसी की जिंदगी छीन ले गई. मोती नगर इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में एक बाइक सवार की जान चली गई. बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार थार SUV ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई.

मृतक की पहचान 40 वर्षीय बेचू लाल के रूप में हुई है, जो प्रेम नगर, दिल्ली के निवासी थे. वहीं, आरोपी थार चालक की पहचान अमरिंदर सिंह सोढ़ी के तौर पर हुई है, जो रमेश नगर का रहने वाला है. हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसकी थार को कब्जे में ले लिया है और अब उसकी तलाश की जा रही है.

हादसे के बाद घटनास्थल पर बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो चुकी थी, और थार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त पाया गया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना का मुख्य कारण थार की तेज रफ्तार थी.

पांच दिन पहले भी हुआ था ऐसा ही हादसा

दिल्ली में बेकाबू रफ्तार का यह कोई पहला मामला नहीं है. महज़ पांच दिन पहले 10 अगस्त को चाणक्यपुरी इलाके में भी एक तेज रफ्तार थार ने दो राहगीरों को कुचल दिया था. उस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ था. वह थार चालक भी हादसे के बाद फरार हो गया था, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

चाणक्यपुरी की घटना में पुलिस ने थार से शराब की बोतलें भी बरामद की थीं और यह भी पता चला कि चालक ने गाड़ी अपने दोस्त से ली थी. अब, मोती नगर की यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि क्या दिल्ली की सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही यूं ही लोगों की जान लेती रहेगी?

सवाल अब भी कायम है...

कब तक रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए किसी की जान जाना जरूरी होगा? क्या अब समय नहीं आ गया कि कानून और ट्रैफिक नियमों को सख्ती से लागू किया जाए और ऐसे लापरवाह चालकों पर कड़ी कार्रवाई हो?

यह भी पढ़ें- अलास्का में ट्रंप ने रेड कार्पेट पर किया पुतिन का स्वागत, एक ही कार में हुए सवार, शुरू हुई अहम बैठक