Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की हवा एक बार फिर खतरनाक दौर में पहुंच चुकी है. शनिवार सुबह जैसे ही लोग घरों से निकले, उन्हें धुंध नहीं बल्कि प्रदूषण की मोटी चादर ने घेर लिया. हवा की गुणवत्ता इतनी खराब हो चुकी है कि AQI 439 के स्तर तक पहुंच गया जो ‘हैजर्डस’ यानी अत्यंत घातक श्रेणी में आता है.
यह स्थिति न सिर्फ सीवियर है, बल्कि उससे भी कहीं ऊपर जा चुकी है.केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के विशेषज्ञों के अनुसार, हवा में मौजूद PM2.5 और PM10 के खतरनाक स्तर ने राजधानी के वातावरण को अस्पताल जैसी स्थिति में ला दिया है.
PM2.5 और PM10 का स्तर क्यों डराता है?
शनिवार को दिल्ली की हवा में PM2.5 का स्तर 294 माइक्रोग्राम और PM10 का स्तर 390 माइक्रोग्राम रिकॉर्ड किया गया.ये दोनों प्रदूषक कण इतने महीन होते हैं कि फेफड़ों के अंदर गहराई तक पहुंच जाते हैं और गंभीर श्वसन बीमारियों का खतरा बढ़ा देते हैं. डॉक्टरों का कहना है कि राजधानी की हवा फिलहाल किसी भी उम्र के लोगों के लिए सुरक्षित नहीं है.
मौसम साफ, लेकिन हवा में राहत नहीं
दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 25 डिग्री तक रहने का अनुमान है. आसमान साफ रहेगा, लेकिन सुबह और शाम प्रदूषण और धुंध की परत विजिबिलिटी पर असर डालती रहेगी.ठंडी हवाएं अभी सक्रिय नहीं हैं, और यही वजह है कि प्रदूषित कण हवा में जमे हुए हैं.
AQI में सुधार की उम्मीद कब?
CPCB के वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों तक हवा की गुणवत्ता में कोई सुधार संभव नहीं है.हल्की राहत संभव है 27–28 नवंबर के बाद, जब हवा की गति बढ़कर 10–15 किलोमीटर प्रति घंटा से ऊपर जा सकती है.फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं, इसलिए पूरी तरह राहत दिसंबर के पहले सप्ताह के आसपास ही मिल सकती है.
बच्चों और बुजुर्गों को बड़ा खतरा
राजधानी में ग्रैप-3 लागू होने के बावजूद हवा जहरीली बनी हुई है.विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और दमा या हृदय रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.ऐसे लोगों को घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए, क्योंकि वर्तमान हवा की गुणवत्ता उनके लिए जानलेवा साबित हो सकती है.
तापमान में गिरावट, प्रदूषण में बढ़ोतरी
नवंबर के अंतिम सप्ताह तक तापमान में और गिरावट की संभावना है.अधिकतम तापमान 26–27 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री के आसपास रहेगा, जबकि रात में ठंड और बढ़ेगी.कम तापमान और धीमी हवा की वजह से प्रदूषण ज़मीन के पास फंस जाता है, जिससे AQI और खराब होता है.
सरकार के प्रयास और जनता के लिए चेतावनी
दिल्ली सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रैप-3 सहित कई कदम उठाए हैं, लेकिन हवा की गुणवत्ता अभी भी खतरनाक है.प्रशासन की एडवाइजरी है कि लोग जरूरी काम पर ही घर से बाहर निकलें, और बाहर जाते समय मास्क पहनें.निजी वाहन के बजाय मेट्रो, सार्वजनिक परिवहन या ई-वाहन का उपयोग करने की अपील भी की गई है.
यह भी पढ़ें: प्रदूषण की वजह से बदला क्रिकेट मैच का शेड्यूल, दिल्ली से BCCI ने छीनी मेजबानी, कहां होगा नया वेन्यू?