Delhi AQI Update: राजधानी दिल्ली में रविवार को आसमान तो साफ रहेगा, लेकिन सांस लेना अब भी मुश्किल बना हुआ है. दीवाली के बाद से हवा की गुणवत्ता में गिरावट लगातार जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. हालांकि ठंडी हवाओं का हल्का असर महसूस होने लगा है, लेकिन बढ़ता वायु प्रदूषण (AQI) राजधानी के निवासियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 233 दर्ज किया गया है, जो ‘खतरनाक श्रेणी’ में आता है. PM2.5 का स्तर 228 और PM10 का स्तर 150 तक पहुंच चुका है. विशेषज्ञों के अनुसार, इस स्तर की हवा बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए बेहद हानिकारक है. दीवाली के बाद से प्रदूषण में थोड़ी गिरावट जरूर आई है, लेकिन हालात अब भी सामान्य से बहुत दूर हैं. शुक्रवार को जहां AQI 288 तक था, वहीं रविवार को इसमें मामूली सुधार दिखा है. बावजूद इसके, दिल्ली की हवा में ग्रीन सिग्नल अभी भी नहीं मिला है.