Delhi-NCR Weather: नए साल से पहले दिल्ली-एनसीआर में ठंड और कोहरे का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. सोमवार की सुबह राजधानी और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छा गया, जिससे दृश्यता कई जगहों पर शून्य के करीब पहुंच गई. कोहरे और शीतलहर की वजह से सड़क यातायात के साथ-साथ हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई उड़ानों में देरी दर्ज की गई है, वहीं एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है.
सोमवार की शुरुआत दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के साथ हुई. इंडिया गेट, अक्षरधाम, नरेला, आईजीआई एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों में सुबह के समय कोहरे की मोटी परत देखने को मिली. कई जगहों पर दृश्यता इतनी कम रही कि वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. इसके साथ ही ठंडी हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी है. वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी कई इलाकों में 350 के आसपास बना हुआ है, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है.