Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध एक बार फिर गर्म मोर्चे पर पहुँच गया है. दोनों देशों के बीच जंग अब निर्णायक चरण में दिख रही है, जहाँ एक तरफ रूस ने पूर्वी डोनेत्स्क में 1.7 लाख सैनिक तैनात कर दिए हैं, वहीं दूसरी ओर यूक्रेन ने रूस के अंदर घुसकर उसकी परमाणु क्षमता वाली मिसाइल को तबाह करने का दावा किया है.
इस बीच, कनाडा में बनी स्नाइपर राइफल्स के रूस के सैनिकों के पास पाए जाने से पश्चिमी देशों में खलबली मच गई है. आइए जानते हैं, युद्ध के मैदान से लेकर अंतरराष्ट्रीय हलकों तक की ताज़ा स्थिति क्या है.
रूस की बढ़ती तैनाती, पोक्रोवस्क पर कब्ज़े की कोशिश
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि रूस ने पूर्वी डोनेत्स्क क्षेत्र में करीब 1,70,000 सैनिक तैनात किए हैं. उनका कहना है कि इन सैनिकों का लक्ष्य रणनीतिक दृष्टि से अहम पोक्रोवस्क (Pokrovsk) शहर पर कब्जा करना है, जो पूर्वी यूक्रेन में आपूर्ति और सैनिकों की आवाजाही का मुख्य केंद्र माना जाता है.
जेलेंस्की ने स्वीकार किया कि कुछ रूसी टुकड़ियाँ शहर की सीमा में घुस आई हैं, लेकिन यूक्रेनी बल उन्हें पीछे धकेल रहे हैं. उन्होंने रूस के उन दावों को “झूठा और प्रचारात्मक” बताया, जिनमें कहा गया था कि पोक्रोवस्क पूरी तरह घेर लिया गया है.
दो यूक्रेनी शहरों की घेराबंदी
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को कहा कि रूसी सेना ने पोक्रोवस्क और खार्किव के कुपियांस्क शहरों को चारों ओर से घेर लिया है और यूक्रेनी सैनिकों को आत्मसमर्पण का प्रस्ताव दिया गया है.
पुतिन ने घायल सैनिकों से बातचीत के दौरान कहा, “हम अंतरराष्ट्रीय पत्रकारों के लिए सुरक्षित गलियारा खोलने को तैयार हैं, ताकि वे खुद देख सकें कि मैदान पर क्या हो रहा है.” वहीं यूक्रेनी सेना के प्रवक्ता ह्रीहोरी शापोवाल ने इन दावों को “मनगढ़ंत और काल्पनिक” बताते हुए कहा कि “हालात कठिन हैं, लेकिन नियंत्रण में हैं.”
कनाडा से रूस पहुँचे हथियार
कनाडाई मीडिया संस्था ग्लोबल न्यूज की रिपोर्ट ने पश्चिमी देशों को चौंका दिया है. रिपोर्ट के अनुसार, कनाडा में बनी Cadex Defence की स्नाइपर राइफल्स रूस के सैनिकों के पास देखी गईं.
यह राइफल्स मॉस्को की OrelExpo 2025 प्रदर्शनी में भी प्रदर्शित की गई थीं. जांच में पता चला कि इन हथियारों को कई देशों के जरिए पुनः बेचा गया, ताकि प्रतिबंधों को दरकिनार किया जा सके. इससे पश्चिमी देशों में यह चिंता बढ़ गई है कि प्रतिबंधों के बावजूद रूस कैसे आधुनिक हथियार हासिल कर रहा है.
रूस की परमाणु मिसाइल तबाह
यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (SBU) ने दावा किया है कि उसकी सेना ने रूस के अस्त्राखान क्षेत्र में “Oreshnik” हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल को नष्ट कर दिया है, जो परमाणु हमला करने में सक्षम थी.
SBU प्रमुख वासिल मालियुक ने बताया कि यह गुप्त ऑपरेशन रूस के कपुस्तिन यार मिसाइल परीक्षण केंद्र पर किया गया और यह “100% सफल” रहा. इस मिशन में यूक्रेन की सैन्य खुफिया एजेंसी (HUR) और विदेशी सहयोगी नेटवर्क भी शामिल था. राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि रूस हर साल ऐसी लगभग छह “Oreshnik” मिसाइलें बनाता है, जिनकी विनाशक क्षमता परमाणु हथियारों के बराबर है.
यह भी पढ़ें- यूक्रेन के एनर्जी सिस्टम को रूस ने किया तबाह, बिना बिजली-पानी के रह रहे लोग, अंधेरे में डूबे कई शहर