Dhanteras 2025: धनतेरस और दिवाली जैसे शुभ अवसरों पर सोना-चांदी की खरीददारी में हमेशा खास बढ़ोतरी देखी जाती है. इस बार 2025 में भी यही रिवाज कायम है, और तेजी से बढ़ रहे क्विक-कॉमर्स सेक्टर ने इसे और भी आसान बना दिया है. भारत की एकमात्र LBMA मान्यता प्राप्त रिफाइनर MMTC-PAMP ने Blinkit के साथ मिलकर एक नई सुविधा शुरू की है, जिससे अब आप 10 मिनट के भीतर घर बैठे 24 कैरेट शुद्ध सोना और चांदी के सिक्के मंगवा सकते हैं.
अब 24K शुद्ध सोना-चांदी आपके दरवाजे पर
क्या आप सोच रहे हैं कि क्या-क्या मंगवा सकते हैं? MMTC-PAMP के प्रोडक्ट्स की रेंज में शामिल हैं 1 ग्राम का लोटस गोल्ड बार, 0.5 ग्राम का लोटस गोल्ड क्वाइन और 10 ग्राम का लक्ष्मी-गणेश सिल्वर कॉइन. ये सभी Blinkit के माध्यम से उपलब्ध हैं. हर एक प्रोडक्ट MMTC-PAMP के कड़े सेफ्टी प्रोटोकॉल के तहत पैक और डिलीवर किया जाएगा, जिसमें छेड़छाड़-प्रूफ पैकेजिंग और डिलीवरी के समय ओपन बॉक्स चेकिंग शामिल है. इससे यह सुनिश्चित होता है कि आपका कीमती धातु पूरी सुरक्षा के साथ आपके पास पहुंचे.
यूनिक नंबर और सर्टिफाइड पैकेजिंग
हर MMTC-PAMP प्रोडक्ट के साथ एक यूनिक नंबर होता है, जिसे आप असलीपन की जांच के लिए उपयोग कर सकते हैं. इसके साथ ही ये प्रोडक्ट Assayer सर्टिफाइड मिंटेड कार्ड में पैक किए जाते हैं, जो उनकी शुद्धता और प्रमाणिकता की गारंटी देते हैं. इस तरह आप निश्चिंत होकर खरीदारी कर सकते हैं.
स्विगी इंस्टामार्ट के साथ जल्द होगा विस्तार
Blinkit के बाद अब MMTC-PAMP की तरफ से स्विगी इंस्टामार्ट के साथ भी बातचीत अंतिम चरण में है. जल्द ही आप धनतेरस और दिवाली पर इन शुद्ध सोने-चांदी के प्रोडक्ट्स को स्विगी इंस्टामार्ट के माध्यम से भी खरीद पाएंगे. यह पहल क्विक-कॉमर्स के क्षेत्र में और अधिक विकल्प और सुविधा लेकर आएगी.
तेजी से बढ़ रहा भारत का क्विक-कॉमर्स सेक्टर
भारत में क्विक-कॉमर्स का क्षेत्र लगातार गति पकड़ रहा है. केयरएज रेटिंग्स की एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025 में क्विक-कॉमर्स का कारोबार 64,000 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है और 2028 तक यह 2 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंचने की उम्मीद है. ऐसे में सोने-चांदी जैसी कीमती वस्तुओं की त्वरित डिलीवरी से ग्राहक और व्यापारी दोनों को फायदा होगा.
ये भी पढ़ें: Facebook यूजर्स सावधान! इस दिन बंद हो जाएगा Messenger App, फिर कैसे कर पाएंगे इस्तेमाल? जानें सबकुछ