Premanand Maharaj Health Update: वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज इन दिनों खराब स्वास्थ्य के कारण एकांतवास में हैं. 17 मई से उनकी रात में होने वाली पदयात्रा और भक्तों के साथ होने वाला एकांतिक वार्तालाप पूरी तरह बंद कर दिया गया है. इसी बीच 25 मई को महाराज जी के आधिकारिक फेसबुक और यूट्यूब पेज से एक महत्वपूर्ण संदेश जारी किया गया. इसके साथ ही संत प्रेमानंद महाराज ने स्वयं वीडियो जारी कर अपने भक्तों को विशेष संदेश और महामंत्र दिया.
वीडियो में संत प्रेमानंद महाराज ने कहा कि भक्त किसी प्रकार की चिंता न करें और भगवान के नाम का अधिक से अधिक जाप करें. उन्होंने कहा कि सभी भक्त राधा रानी के आश्रित बनकर भजन करें और जीवन में प्रसन्न रहें.
‘हम मिलें या न मिलें, आप सबको बहुत प्यार करते हैं’
वीडियो संदेश में प्रेमानंद महाराज ने बेहद भावुक अंदाज में कहा कि भक्तों को इस बात की चिंता नहीं करनी चाहिए कि वे उनसे मिल पा रहे हैं या नहीं. उन्होंने कहा, “बिल्कुल चिंता मत करो. हम मिलें न मिलें, बोलें न बोलें, लेकिन हम आप सबको बहुत प्यार करते हैं. सब श्रीजी के चरणों तक पहुंचें, यही हमारी कामना है.”
उन्होंने आगे कहा कि अगर वे कुछ समय तक मौन रहें या दर्शन न दें, तब भी भक्तों का आध्यात्मिक उत्थान रुकने वाला नहीं है. गुरु और शिष्य का संबंध केवल शब्दों से नहीं, बल्कि भाव और विश्वास से चलता है.
🌼EMOTIONAL
— The Analyzer (News Updates🗞️) (@Indian_Analyzer) May 25, 2026
Premanand Ji Maharaj has released a heartfelt video after his night padyatra remained suspended since May 17 due to health concerns
He told devotees, "Do not worry… whether I meet you or not, we will remain in your minds."
Praying for his good health🙏🏿 pic.twitter.com/GIahoUXfJB
संत प्रेमानंद महाराज ने दिया खास महामंत्र
महाराज जी ने अपने संदेश में भक्तों को नाम जप और भजन को जीवन का आधार बनाने की सलाह दी. उन्होंने कहा, “खूब भजन करो, नाम जप करो और सुखी रहो. जो जिस सेवा में लगा है, वह उसी सेवा में बना रहे. निश्चिंत रहो, निर्भय रहो और भगवान का स्मरण करते रहो.”
उन्होंने बताया कि फिलहाल वह मौन साधना और एकांतवास में हैं. यह एकांत केवल उनके लिए नहीं बल्कि भक्तों के कल्याण के लिए भी है. उन्होंने कहा कि समय आने पर वह फिर से भक्तों से संवाद करेंगे.
आधिकारिक संदेश में भक्तों से की गई खास अपील
संत प्रेमानंद महाराज के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर जारी सूचना में बताया गया कि महाराज जी का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा है. इसी कारण उनकी पदयात्रा, दर्शन और एकांतिक वार्तालाप को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है.
संदेश में यह भी कहा गया कि इसके बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु राधा केली कुंज पहुंच रहे हैं. संस्था की ओर से भक्तों से अनुरोध किया गया है कि भीषण गर्मी और महाराज जी के स्वास्थ्य को देखते हुए अगली सूचना तक वृंदावन आने से परहेज करें.
‘राधा केली कुंज न आएं भक्त’, संस्था की अपील
ब्रज संत महिला की ओर से जारी निवेदन में कहा गया कि भक्त इस समय केवल दर्शन या वार्तालाप की उम्मीद में राधा केली कुंज न पहुंचें. संस्था ने कहा कि महाराज जी फिलहाल मौन साधना में हैं और आराम कर रहे हैं. ऐसे में श्रद्धालुओं का सहयोग बेहद जरूरी है.
दोनों किडनी खराब, लगातार हो रही डायलिसिस
जानकारी के मुताबिक संत प्रेमानंद महाराज लंबे समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं. उनकी दोनों किडनी खराब बताई जाती हैं और नियमित रूप से डायलिसिस भी चल रही है. स्वास्थ्य कारणों से ही उनकी रात में निकलने वाली पदयात्रा को 17 मई से रोक दिया गया था.
सुबह 3 बजे कार से जाते दिखे महाराज
बताया जा रहा है कि 25 मई की सुबह करीब तीन बजे प्रेमानंद महाराज कार से कहीं जाते हुए दिखाई दिए. इस दौरान कई भक्तों ने उनके दर्शन किए. इससे पहले 21 मई को भी वह अपने केली कुंज आश्रम से निकलकर वराह घाट स्थित गुरु संत गोविंद शरण महाराज के आश्रम पहुंचे थे, जहां उन्होंने गुरु दर्शन किए थे.
भक्तों में चिंता, लेकिन संदेश से मिली राहत
महाराज जी की तबीयत खराब होने की खबर से उनके भक्तों में चिंता का माहौल है. हालांकि, वीडियो संदेश के जरिए उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को धैर्य रखने और भक्ति मार्ग पर आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी है. भक्त अब उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- Ebola Virus: फिर लौट आया 11 हजार लोगों की जान लेने वाला वायरस, मिले 101 पॉजिटिव केस, हालात बेकाबू!