घर पर जारी है इलाज... फैंस ने दी हिम्मत, जानें कैसी है अब धर्मेंद्र की तबियत?

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र पिछले कुछ हफ्तों से स्वास्थ्य कारणों की वजह से सुर्खियों में बने हुए हैं. हाल ही में अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद वह घर लौट आए हैं, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.

Dharmendra Health Update after get admited in hospital
Image Source: Social Media

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र पिछले कुछ हफ्तों से स्वास्थ्य कारणों की वजह से सुर्खियों में बने हुए हैं. हाल ही में अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद वह घर लौट आए हैं, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. उनके लाखों चाहने वाले लगातार उनकी तबीयत को लेकर अपडेट जानना चाहते हैं. आइए जानते हैं, इस समय कैसी है धर्मेंद्र की सेहत.


एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि फिलहाल धर्मेंद्र की सेहत पहले की तुलना में काफी बेहतर है. सांस लेने में परेशानी के बाद उन्हें अक्टूबर के अंत में ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां वह कई सप्ताह तक डॉक्टरों की विशेष देखरेख में रहे. 12 नवंबर को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद से ही वह घर पर आराम कर रहे हैं और धीरे-धीरे रिकवर कर रहे हैं. परिवार की ओर से भी यही बताया गया है कि उनकी रिकवरी लगातार बेहतर दिशा में है.

दोस्त और परिवार लगातार ले रहे समाचार

धर्मेंद्र की सेहत को लेकर सिर्फ फैंस ही नहीं, बल्कि इंडस्ट्री के कई लोग भी लगातार चिंतित हैं. इसी हफ्ते शत्रुघ्न सिन्हा अपनी पत्नी पूनम सिन्हा के साथ हेमा मालिनी के घर पहुंचे और अभिनेता के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली. उन्होंने सोशल मीडिया पर हेमा मालिनी के साथ एक फोटो साझा की और उनके परिवार की सलामती की कामना भी की. अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान सलमान खान, शाहरुख खान और गोविंदा समेत कई सुपरस्टार उनसे मिलने पहुंचे थे, जिससे पता चलता है कि इंडस्ट्री में धर्मेंद्र के प्रति कितना सम्मान और लगाव है.

गलत खबरों पर परिजनों की प्रतिक्रिया

अस्पताल में रहने के दौरान सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र के निधन से जुड़ी भ्रामक खबरें भी फैली थीं, जिनके बाद परिवार ने आगे आकर इन अफवाहों को पूरी तरह गलत बताया. हेमा मालिनी और ईशा देओल ने स्पष्ट कहा कि धर्मेंद्र का इलाज चल रहा है और उनकी हालत में सुधार भी दिख रहा है. साथ ही उन्होंने मीडिया और फैंस से परिवार की प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की थी.

जल्द मनाया जा सकता है 90वां जन्मदिन

नए अपडेट्स में यह भी सामने आया है कि अगर धर्मेंद्र की तबीयत इसी तरह सुधरती रही तो परिवार उनके 90वें जन्मदिन को खास तरीके से मनाने की योजना बना सकता है. फिलहाल पूरा फिल्म जगत और उनके प्रशंसक उनकी जल्द सेहतयाबी की दुआ कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: 40 करोड़ में बनी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल, छाप डाले 320 करोड़, अब लगे ये गंभीर आरोप