थिएटर्स के बाद OTT पर रिलीज होने जा रही ‘KD: The Devil’, जानिए कब और कहां होगी स्ट्रीम

KD The Devil OTT Release: साउथ सिनेमा की बड़ी फिल्मों में शामिल ‘केडी: द डेविल’ एक बार फिर चर्चा में आ गई है. ध्रुव सर्जा और संजय दत्त स्टारर इस एक्शन थ्रिलर को लेकर अब नया अपडेट सामने आया है, जिसका फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे.

Dhruva Sarja Sanjay Dutt KD The Devil OTT Release details
Image Source: Social Media

KD The Devil OTT Release: साउथ सिनेमा की बड़ी फिल्मों में शामिल ‘केडी: द डेविल’ एक बार फिर चर्चा में आ गई है. ध्रुव सर्जा और संजय दत्त स्टारर इस एक्शन थ्रिलर को लेकर अब नया अपडेट सामने आया है, जिसका फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे. सिनेमाघरों में रिलीज के बाद भले ही फिल्म उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई, लेकिन ओटीटी ऑडियंस के बीच इसे लेकर काफी उत्सुकता बनी हुई थी. अब आखिरकार मेकर्स ने फिल्म की डिजिटल रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है.

प्रेम के निर्देशन में बनी यह फिल्म बड़े पैमाने पर तैयार की गई थी और इसमें जबरदस्त एक्शन, इमोशन और गैंगस्टर ड्रामा देखने को मिला था. हालांकि थिएटर में फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली, लेकिन अब इसकी OTT रिलीज को लेकर दर्शकों में एक बार फिर उत्साह बढ़ गया है.

OTT पर कब और कहां रिलीज होगी?

जो दर्शक ‘केडी: द डेविल’ को सिनेमाघरों में नहीं देख पाए थे, अब वे इसे घर बैठे आराम से देख सकेंगे. मेकर्स ने फिल्म की OTT रिलीज डेट आधिकारिक तौर पर कंफर्म कर दी है. ध्रुव सर्जा स्टारर यह फिल्म 5 जून 2026 से OTT प्लेटफॉर्म जी5 पर स्ट्रीम होना शुरू हो जाएगी. फिल्म की टीम ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी ऑफिशियल अनाउंसमेंट की है, जिसके बाद फैंस के बीच एक्साइटमेंट और बढ़ गया है. 

खास बात यह है कि फिल्म को कई भाषाओं में रिलीज किया जाएगा. ‘केडी: द डेविल’ कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम भाषाओं में स्ट्रीम होगी, जिससे अलग-अलग राज्यों के दर्शक इसे अपनी भाषा में एंजॉय कर सकेंगे.

थिएटर में नहीं चला जादू, अब OTT से उम्मीद

30 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘केडी: द डेविल’ से मेकर्स और दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं. फिल्म का प्रमोशन भी बड़े स्तर पर किया गया था और इसकी स्टारकास्ट ने भी काफी चर्चा बटोरी थी. हालांकि रिलीज के बाद फिल्म को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा और बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. कहानी और स्क्रीनप्ले को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. 

अब मेकर्स को उम्मीद है कि OTT प्लेटफॉर्म पर फिल्म को बेहतर रिस्पॉन्स मिल सकता है. कई बार थिएटर में कमजोर प्रदर्शन करने वाली फिल्में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अच्छा प्रदर्शन करती हैं और नई ऑडियंस तक पहुंचने में सफल रहती हैं.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by ZEE5 Kannada (@zee5kannada)

क्या है ‘केडी: द डेविल’ की कहानी?

‘केडी: द डेविल’ की कहानी काली दास उर्फ केडी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार ध्रुव सर्जा ने निभाया है. फिल्म सत्ता, वफादारी, धोखे और गैंगस्टर दुनिया के बैकग्राउंड पर आधारित है. केडी एक खुशमिजाज और अनपढ़ युवक होता है, जो अपने परिवार से बेहद प्यार करता है और जिंदगी को खुले दिल से जीता है. हालांकि उसका बड़ा भाई धर्म हमेशा उसे कमतर समझता है. बचपन से ही केडी कुख्यात गैंगस्टर धक देवा को अपना आदर्श मानता है, जिसका किरदार संजय दत्त ने निभाया है. धक देवा इतना प्रभावशाली होता है कि पुलिस भी उससे खौफ खाती है.

कहानी में मोड़ तब आता है जब केडी की जिंदगी में मच्छू लक्ष्मी की एंट्री होती है. उसका निडर और बेबाक अंदाज केडी को अपनी ओर आकर्षित करता है. लेकिन धीरे-धीरे हालात ऐसे बनते हैं कि केडी और उसका परिवार हिंसा और अपराध की दुनिया में फंस जाता है. इसके बाद केडी को अपने आदर्श धक देवा के बारे में कई चौंकाने वाले सच पता चलते हैं. उसे एहसास होता है कि जिस इंसान को वह हमेशा अपना हीरो मानता था, वही उसके करीबियों की तबाही की वजह बन सकता है. यहीं से कहानी एक इमोशनल और एक्शन से भरपूर मोड़ लेती है, जहां केडी अपने परिवार और अपनों को बचाने के लिए संघर्ष करता नजर आता है.

दमदार स्टारकास्ट से सजी है फिल्म

‘केडी: द डेविल’ की सबसे बड़ी ताकत इसकी मल्टीस्टारर स्टारकास्ट मानी जा रही है. फिल्म में ध्रुव सर्जा और संजय दत्त के अलावा कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं. फिल्म में शिल्पा शेट्टी कुंद्रा, वी. रविचंद्रन, रमेश अरविंद, रेशमा नानाइया, जिस्सू सेनगुप्ता और पी. रवि शंकर जैसे कलाकार शामिल हैं. वहीं किच्चा सुदीपा और नोरा फतेही ने फिल्म में स्पेशल कैमियो किया है, जिसने दर्शकों का ध्यान खींचा. फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस ने किया है. वहीं इसका म्यूजिक अर्जुन जन्या ने तैयार किया है और सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी विलियम डेविड ने संभाली है.

ये भी पढ़ें: रितेश देशमुख की 'राजा शिवाजी' का जलवा, 28वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर काटा बवाल, जानें कलेक्शन