Box Office: 9 दिनों में फिल्म धुरंधर ने बना लिया रिकॉर्ड...टिकट मिलना हो रहा मुश्किल

Dhurandar: रणवीर सिंह की एक्शन-थ्रिलर ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर थमने का नाम नहीं ले रही है. रिलीज के साथ ही फिल्म ने दर्शकों के बीच ऐसा तूफान खड़ा किया कि सिनेमाघरों में सीट मिलना मुश्किल हो गया. हालत यह है कि कई शहरों में आधी रात के शो तक जोड़ने पड़े हैं और दर्शकों को टिकट के लिए दो-तीन दिन पहले प्लान बनाना पड़ रहा है.

Dhurandar Box office collections in 9 days creates history
Image Source: Social Media

Dhurandar: रणवीर सिंह की एक्शन-थ्रिलर ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर थमने का नाम नहीं ले रही है. रिलीज के साथ ही फिल्म ने दर्शकों के बीच ऐसा तूफान खड़ा किया कि सिनेमाघरों में सीट मिलना मुश्किल हो गया. हालत यह है कि कई शहरों में आधी रात के शो तक जोड़ने पड़े हैं और दर्शकों को टिकट के लिए दो-तीन दिन पहले प्लान बनाना पड़ रहा है. इसी जबरदस्त रिस्पॉन्स के बीच फिल्म ने महज 9 दिनों में 300 करोड़ क्लब में एंट्री कर ली है.


फिल्म ट्रेड एनालिस्ट जोगिंदर टुटेजा के मुताबिक, ‘धुरंधर’ ने रिलीज के सिर्फ नौ दिनों में पांच अहम रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं. सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि फिल्म ने इतनी कम अवधि में 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया. इसके साथ ही दूसरे हफ्ते में एक ही दिन में 50 करोड़ से ज्यादा की कमाई करने वाली यह गिनी-चुनी फिल्मों में शामिल हो गई है. इतिहास के पन्नों में दर्ज होने वाली एक और बात यह है कि ‘धुरंधर’ दूसरे शनिवार को सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है. दिलचस्प बात यह भी रही कि दूसरे शनिवार की कमाई, पहले शुक्रवार, शनिवार और रविवार – तीनों से ज्यादा रही. ट्रेड रिपोर्ट्स की मानें तो दूसरे रविवार को फिल्म 60 करोड़ रुपये तक का कारोबार कर सकती है.

आदित्य धर की कहानी ने फिर मचाया कमाल

‘धुरंधर’ का निर्देशन आदित्य धर ने किया है, जो इससे पहले ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ जैसी ब्लॉकबस्टर दे चुके हैं. उनकी कहानी कहने की शैली और दमदार ट्रीटमेंट एक बार फिर दर्शकों को बांधने में कामयाब रहा है. फिल्म की हर तरफ तारीफ हो रही है और इसे साल की सबसे बड़ी फिल्मों में गिना जा रहा है.

स्टारकास्ट और आगे की तैयारी

फिल्म में रणवीर सिंह लीड रोल में नजर आ रहे हैं, जबकि अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और संजय दत्त जैसे मंझे हुए कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देते हैं. फीमेल लीड के तौर पर सारा अर्जुन ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है. इसके अलावा सौम्या टंडन, गौरव गेरा, क्रिस्टल डिसूजा और आयशा खान भी फिल्म का हिस्सा हैं, जिनमें से क्रिस्टल और आयशा के आइटम नंबर खासा चर्चा में रहे हैं. अब जब पहला पार्ट बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच चुका है, तो फैंस की निगाहें इसके सीक्वल पर टिक गई हैं. मेकर्स ने साफ कर दिया है कि ‘धुरंधर 2’ मार्च 2026 में रिलीज होगी, जिसका इंतजार दर्शक अभी से बेसब्री से करने लगे हैं.

यह भी पढ़ें: 'अबे चल हट लेसबियन', बिग-बॉस हाउस से बाहर आने के बाद लोग कैसे मालती चाहर के साथ कर रहे रिएक्ट