'धुरंधर 2' ने एडवांस बुकिंग में की छप्परफाड़ कमाई, टिकटों के लिए मची लूट, टुटेंगे कई बड़े रिकॉर्ड!

रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म धुरंधर 2: द रिवेंज रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त चर्चा में आ गई है.

Dhurandhar 2 Advance Booking Looting for tickets ranveer singh
Image Source: Social Media

Dhurandhar 2: रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म धुरंधर 2: द रिवेंज रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त चर्चा में आ गई है. आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म की एडवांस बुकिंग तेजी से बढ़ रही है और अब तक इसका कलेक्शन 8 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है. यह फिल्म 19 मार्च को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि इसके पेड प्रीमियर शो 18 मार्च से शुरू होने वाले हैं.

फिल्म का ट्रेलर सामने आते ही एडवांस बुकिंग शुरू कर दी गई थी. शुरुआती 24 घंटों के भीतर ही ऑनलाइन टिकट प्लेटफॉर्म्स पर टिकटों की तेज बिक्री दर्ज की गई. बुक माय शो पर महज एक दिन में करीब 87,810 टिकट बिक गए. ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के अनुसार, प्रीमियर शोज की बुकिंग शुरू होने के बाद हर घंटे लगभग 7,500 टिकटों की बिक्री दर्ज की गई.

ग्लोबल एडवांस बुकिंग में भी मजबूत शुरुआत

ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, बुकिंग शुरू होने के शुरुआती दो घंटों में ही फिल्म ने ग्लोबल एडवांस बुकिंग से करीब 4 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था. इसमें पीवीआर, आईनॉक्स और सिनेपोलिस जैसे बड़े मल्टीप्लेक्स चेन का बड़ा योगदान रहा, जहां करीब 35,000 टिकट बिके और लगभग 2.50 करोड़ रुपये की कमाई हुई.

एडवांस बुकिंग से 8.06 करोड़ का कलेक्शन

18 मार्च को होने वाले पेड प्रीमियर शोज के लिए दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. एडवांस बुकिंग के जरिए फिल्म अब तक 8.06 करोड़ रुपये कमा चुकी है. इसमें हिंदी वर्जन का हिस्सा सबसे ज्यादा है, जिसने अकेले 7 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है. वहीं अन्य भाषाओं में भी शुरुआती बुकिंग देखने को मिली है. तेलुगु वर्जन से करीब 5 लाख, तमिल से 4 लाख, कन्नड़ से 28 हजार और मलयालम वर्जन से लगभग 27 हजार रुपये की कमाई दर्ज की गई है.

कुछ शहरों में 2500 रुपये तक पहुंची टिकट कीमत

फिल्म के प्रीमियर शोज के लिए तमिलनाडु में सबसे ज्यादा उत्साह देखने को मिल रहा है, जहां करीब 22 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई है. वहीं दिल्ली-एनसीआर के कुछ मल्टीप्लेक्सों में ‘सुपर ब्लॉकबस्टर प्लस’ नाम के प्रीमियम टिकट कैटेगरी के तहत प्रीव्यू टिकटों की कीमत 2500 रुपये तक पहुंच गई है.

पहली फिल्म ने कमाए थे 1300 करोड़ से ज्यादा

आदित्य धर के निर्देशन में बनी धुरंधर 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई थी और उस साल की बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल रही. फिल्म ने भारत में 28 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी और पहले तीन दिनों में 103 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया था. अपने थिएट्रिकल रन के अंत तक फिल्म ने भारत में 838 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि दुनियाभर में इसका कुल कलेक्शन 1303 करोड़ रुपये रहा.

ये भी पढ़ें- International Women’s Day: 8 मार्च को ही क्यों मनाया जाता है अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस? जानें इतिहास