Dhurandhar 2: धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है और अब यह फिल्म 1000 करोड़ के ऐतिहासिक आंकड़े के बेहद करीब पहुंच चुकी है. रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर. माधवन जैसे सितारों से सजी इस फिल्म ने रिलीज के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर दबदबा बनाए रखा है.
दो हफ्तों तक ताबड़तोड़ कमाई करने के बाद फिल्म अब तीसरे हफ्ते में प्रवेश कर चुकी है. हालांकि दूसरे हफ्ते में इसकी कमाई में थोड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन इसके बावजूद फिल्म की पकड़ मजबूत बनी हुई है. दर्शकों के बीच पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का असर साफ दिखाई दे रहा है, जिसने इसकी कमाई को लगातार सहारा दिया है.
16वें दिन मिला गुड फ्राइडे का फायदा
रिलीज के 16वें दिन यानी तीसरे शुक्रवार को फिल्म को गुड फ्राइडे की छुट्टी का सीधा फायदा मिला. इस दिन फिल्म की कमाई में एक बार फिर उछाल देखने को मिला. शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने 16वें दिन करीब 21.55 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया.
अब तक का कुल कलेक्शन
फिल्म की अब तक की कमाई पर नजर डालें तो पहले हफ्ते में इसने 674.17 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया था. इसके बाद दूसरे हफ्ते में फिल्म ने 263.65 करोड़ रुपये का कलेक्शन जोड़ा.
तीसरे हफ्ते के पहले दिन की कमाई को मिलाकर अब 16 दिनों में फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 959.37 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है.
1000 करोड़ क्लब से बस एक कदम दूर
‘धुरंधर 2’ अब 1000 करोड़ के क्लब में शामिल होने के बेहद करीब है. इस ऐतिहासिक आंकड़े तक पहुंचने के लिए फिल्म को करीब 41 करोड़ रुपये की और जरूरत है. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि तीसरे वीकेंड में फिल्म की कमाई में और तेजी आ सकती है, जिससे यह जल्द ही इस मील के पत्थर को पार कर लेगी.
अगर ऐसा होता है, तो यह फिल्म बॉलीवुड की पहली 1000 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली फिल्मों में अपना नाम दर्ज करा सकती है और इंडस्ट्री के इतिहास में नया अध्याय जोड़ सकती है.
तीसरे शुक्रवार के कलेक्शन में भी बनाई जगह
तीसरे शुक्रवार के कलेक्शन के मामले में भी ‘धुरंधर 2’ ने शानदार प्रदर्शन किया है. हालांकि यह अपने प्रीक्वल ‘धुरंधर’ के रिकॉर्ड (23.7 करोड़ नेट) को पार नहीं कर सकी, लेकिन इसके बावजूद इसने तीसरे शुक्रवार को सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है.
इस दौरान फिल्म ने बाहुबली 2 (18 करोड़ नेट) और पुष्पा 2 (14 करोड़ नेट) जैसी बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है.
ये भी पढ़ें- ईरान ने अमेरिका का 48 घंटे का युद्धविराम प्रस्ताव ठुकराया, जारी रखेगा हमले, अब और भड़केगी जंग?