Dhurandhar Box Office Collection: आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म धुरंधर ने यह साबित कर दिया है कि मजबूत कहानी और दमदार परफॉर्मेंस के दम पर कोई फिल्म लंबे समय तक दर्शकों के दिलों और बॉक्स ऑफिस दोनों पर राज कर सकती है. रिलीज के एक महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी फिल्म की रफ्तार थमती नजर नहीं आ रही है. हर गुजरते दिन के साथ धुरंधर नए रिकॉर्ड्स की ओर बढ़ती जा रही है और अब 34वें दिन की कमाई ने इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है.
34वें दिन भी शानदार कमाई
Sacnilk की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने 34वें दिन शाम 5 बजे तक करीब 1.6 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. अभी नाइट शोज की कमाई के आंकड़े सामने आने बाकी हैं, ऐसे में माना जा रहा है कि दिन का कुल कलेक्शन और बढ़ सकता है. ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि धुरंधर 34वें दिन 3 करोड़ रुपये तक की कमाई कर सकती है, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
पुष्पा 2 और छावा पर भारी पड़ने की तैयारी
अगर फिल्म का कलेक्शन 3 करोड़ या उससे ऊपर पहुंचता है, तो यह पांचवें बुधवार की कमाई के मामले में पुष्पा 2 और छावा जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ देगी. पुष्पा 2 ने अपने पांचवें बुधवार को 2.41 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जबकि छावा का कलेक्शन 2.36 करोड़ रुपये रहा था. ऐसे में धुरंधर के ओवरटेक करने की खबरें इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बनी हुई हैं.
अभी ऑफिशियल आंकड़ों का इंतजार
यह भी ध्यान देने वाली बात है कि 34वें दिन के कलेक्शन के फाइनल और ऑफिशियल आंकड़े अभी सामने नहीं आए हैं. नाइट शोज के बाद तस्वीर और साफ हो जाएगी, लेकिन शुरुआती ट्रेंड यही संकेत दे रहे हैं कि फिल्म की पकड़ अब भी मजबूत बनी हुई है.
अब तक का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
धुरंधर का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब 783.35 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. फिल्म ने रिलीज के दिन 28 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग की थी. पहले हफ्ते में फिल्म ने 207.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, दूसरे हफ्ते में कमाई बढ़कर 253.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गई. तीसरे हफ्ते में फिल्म ने 172 करोड़ रुपये जोड़े, जबकि चौथे हफ्ते में 106 करोड़ रुपये का बिजनेस किया. ये आंकड़े साफ बताते हैं कि फिल्म ने हर हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर स्थिर प्रदर्शन किया है.
दमदार स्टारकास्ट और निर्देशन का कमाल
फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है, जिन्होंने एक बार फिर अपनी कहानी कहने की शैली से दर्शकों को प्रभावित किया. रणवीर सिंह ने लीड रोल में जबरदस्त अभिनय किया है, वहीं अक्षय खन्ना ने रहमान डकैत के किरदार में खास तौर पर सुर्खियां बटोरी हैं. रणवीर सिंह फिल्म में हमजा के रोल में नजर आए हैं. इनके अलावा संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और सारा अर्जुन जैसे कलाकारों ने भी फिल्म को मजबूती दी है. फिल्म में क्रिस्टल डिसूजा और आयशा खान के आइटम नंबर ‘शरारत’ ने भी दर्शकों का खास ध्यान खींचा.
ये भी पढ़ें: राखी दूस-दूस.. क्या धुरंधर के पहले पार्ट की तरह दूसरे में भी होगा इस तरह का सॉन्ग? खुद सिंगर ने किया रिवील