“क्या आप शाहरुख खान को जानते हैं?”, सूडानी विद्रोहियों ने अपहरण करने के बाद भारतीय नागरिक से पूछा सवाल

Sudan Civil War: सूडान में जारी संघर्ष के बीच एक भारतीय नागरिक के अपहरण की खबर सामने आई है. रिपोर्टों के मुताबिक, रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF), जिसे सूडानी सेना ने आतंकवादी संगठन घोषित किया है, ने भारत के ओडिशा के रहने वाले आदर्श बेहरा का अपहरण कर लिया है. 

Do you know Shahrukh Khan Sudanese rebels asked Indian citizen after kidnapping him
Image Source: Social Media

Sudan Civil War: सूडान में जारी संघर्ष के बीच एक भारतीय नागरिक के अपहरण की खबर सामने आई है. रिपोर्टों के मुताबिक, रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF), जिसे सूडानी सेना ने आतंकवादी संगठन घोषित किया है, ने भारत के ओडिशा के रहने वाले आदर्श बेहरा का अपहरण कर लिया है. 

सूडान में 2023 से आरएसएफ और सरकारी सेना के बीच भीषण संघर्ष जारी है, जिसके कारण राजधानी खार्तूम और आसपास के इलाकों में भारी तबाही हुई है. अब तक लाखों लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 1.3 करोड़ लोग विस्थापित हो चुके हैं.

वीडियो में क्या दिखा?

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें 36 वर्षीय आदर्श बेहरा दो आरएसएफ लड़ाकों के बीच बैठे दिखाई देते हैं. वीडियो में एक लड़ाका उनसे मज़ाकिया लहजे में पूछता है, “क्या आप शाहरुख खान को जानते हैं?”

वहीं, दूसरा लड़ाका उन्हें कैमरे के सामने “दगालो गुड” कहने के लिए कहता है. बताया जा रहा है कि “दगालो” शब्द आरएसएफ के कमांडर और कुख्यात नेता मोहम्मद हमदान दगालो (हेमेती) से जुड़ा हुआ है, जो पिछले एक साल से सूडान में चल रहे इस भीषण संघर्ष का मुख्य चेहरा है.

कहां से उठाया गया भारतीय नागरिक?

रिपोर्ट के अनुसार, आदर्श बेहरा का अपहरण अल फशीर (El Fasher) शहर से किया गया, जो सूडान की राजधानी खार्तूम से लगभग 1,000 किलोमीटर दूर है. एनडीटीवी ने अपने सूत्रों के हवाले से बताया कि अपहरण के बाद बेहरा को न्याला शहर ले जाया गया होगा, यह इलाका दक्षिण दारफुर की राजधानी है और आरएसएफ का मजबूत गढ़ माना जाता है. न्याला खार्तूम से लगभग 1,200 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.

2022 से सूडान में कर रहे थे काम

बेहरा के परिवार ने एनडीटीवी को बताया कि वह 2022 से सूडान में सुकराती प्लास्टिक फैक्ट्री में काम कर रहे थे. खार्तूम में फैक्ट्री के कामकाज को लेकर कई विदेशी कर्मचारी भी तैनात थे, लेकिन संघर्ष बढ़ने के बाद स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई.

"हमारे बच्चे रोज रोते हैं"

ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में रहने वाले बेहरा की पत्नी सुस्मिता बेहरा ने बताया कि परिवार पिछले कई दिनों से उनके संपर्क में नहीं है. उन्होंने कहा, “मेरे पति 2022 से सूडान में हैं. वह दो साल से बहुत मुश्किल हालात में जी रहे थे. अब उनका अपहरण हो गया है. हमारे दो छोटे बच्चे, एक आठ साल का और दूसरा तीन साल का रोज अपने पिता के बारे में पूछते हैं.” सुस्मिता ने भारत सरकार और ओडिशा प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप की अपील की है ताकि उनके पति को सुरक्षित भारत लाया जा सके.

मदद की गुहार वाला वीडियो

परिवार ने एक और वीडियो साझा किया है, जिसमें आदर्श बेहरा जमीन पर बैठे हाथ जोड़कर कैमरे से बात करते नजर आते हैं. वीडियो में वे कहते हैं, “मैं अल फशीर में हूं. यहां हालात बहुत खराब हैं. मैं दो साल से यहां रह रहा हूं, लेकिन अब स्थिति असहनीय हो गई है. मेरा परिवार बहुत चिंतित है. मैं ओडिशा सरकार और भारत सरकार से मदद की गुहार लगाता हूं. कृपया मुझे यहां से निकालिए.”

सूडान में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं

सूडान में आरएसएफ और सेना के बीच अप्रैल 2023 से सशस्त्र संघर्ष चल रहा है. यह संघर्ष सत्ता पर नियंत्रण को लेकर शुरू हुआ था, जो अब गृहयुद्ध का रूप ले चुका है. राजधानी खार्तूम, दरफुर और न्याला जैसे इलाकों में लगातार बमबारी और गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं. संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, सूडान की आबादी का करीब 30% हिस्सा मानवीय संकट का सामना कर रहा है.

भारत सरकार की निगरानी

भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस घटना की जानकारी मिलने के बाद कहा है कि वह सूडान में भारतीय दूतावास और स्थानीय एजेंसियों के संपर्क में है. मंत्रालय ने भरोसा दिलाया कि भारतीय नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें- अमेरिका-ईरान की दोस्ती है संभव! खामेनेई ने ट्रंप को दिया ऐसा प्रस्ताव, जिसे देखकर नेतन्याहू हो जाएंगे गुस्से से लाल