अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जब मंगलवार को व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक अहम घोषणा कर रहे थे, तब मंच पर एक दिलचस्प वाकया घटा, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को हंसी का मौका दे दिया. ट्रंप जब दवाइयों की कीमतों में कटौती को लेकर ‘फाइजर’ के साथ हुए बड़े समझौते की जानकारी दे रहे थे, तभी मंच पर मौजूद स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर को अचानक छींक आ गई.
हालांकि कैनेडी ने पूरी कोशिश की कि वह इसे नियंत्रित करें, लेकिन छींक हो ही गई. यह देख ट्रंप रुके बिना नहीं रह सके और अपनी बात बीच में ही रोकते हुए मजाकिया अंदाज में बोले गॉड ब्लेस यू, बॉबी! उम्मीद करता हूं कि मुझे अब COVID नहीं हुआ होगा. ट्रंप की इस चुटीली टिप्पणी पर वहां मौजूद अधिकारी और मेहमान ठहाका लगाकर हंस पड़े. ट्रंप ने तुरंत मंच पर मौजूद फाइजर के सीईओ अल्बर्ट बोरला की ओर देखा और कहा आपके पास पैक्सलोविड है न? ज़रा मुझे अभी दे दीजिए. (पैक्सलोविड एक एंटीवायरल कोविड-19 दवा है, जो फाइजर ने ही बनाई है.)
‘TrumpRx’ प्लेटफॉर्म की हुई घोषणा
इस अवसर पर ट्रंप ने ‘TrumpRx’ नाम से एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया, जिसके माध्यम से अमेरिकी नागरिक सीधे दवा कंपनियों से सस्ती दवाइयां खरीद सकेंगे वो भी बिना किसी बीमा योजना की बाध्यता के. फाइजर ने ट्रंप के आग्रह पर कई आवश्यक दवाओं की कीमतों में कटौती को लेकर सहमति जताई है. ट्रंप ने इसे "अमेरिका के हेल्थकेयर सिस्टम में बदलाव की दिशा में क्रांतिकारी कदम" बताया.
ट्रंप और जर्म्स: क्यों है उनका रिएक्शन खास?
डोनाल्ड ट्रंप के बारे में यह बात पहले से मशहूर है कि वह ‘जर्मोफोबिक’ यानी संक्रमण या कीटाणुओं से अत्यधिक सतर्क रहने वाले व्यक्ति हैं. वह आमतौर पर लोगों से हाथ मिलाने से बचते हैं और स्वच्छता को लेकर बहुत सजग रहते हैं. ऐसे में स्वास्थ्य मंत्री की छींक के दौरान उनका मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया देना लोगों के लिए दिलचस्प रहा. हाल ही में ट्रंप के हाथों पर कुछ चोट के निशान देखे गए थे, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थीं. व्हाइट हाउस ने इसका कारण "अधिक हाथ मिलाना और एस्पिरिन का सेवन" बताया था, लेकिन कुछ विशेषज्ञों ने इस पर सवाल उठाए हैं.
यह भी पढ़ें: ट्रंप के लिए आसान नहीं होगा गाजा में सीजफायर कराना, कतर ने सामने रख दी ये शर्तें; क्या मानेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति?