हम अक्सर सोचते हैं कि पानी सिर्फ प्यास बुझाने के लिए जरूरी है, जबकि सच यह है कि शरीर का हर छोटा–बड़ा सिस्टम पानी पर ही निर्भर रहता है. सर्दियों में प्यास कम लगने के कारण लोग पानी पीना भूल जाते हैं और यही गलती कई हेल्थ समस्याओं की वजह बन जाती है. अगर आप यह पहचान नहीं पा रहे कि शरीर में पानी की कमी हो रही है या नहीं, तो कुछ संकेत आपकी मदद कर सकते हैं.
जब शरीर को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता, तो सबसे पहले बाहरी बदलाहट दिखाई देती है. होंठ अचानक सूखने लगते हैं, त्वचा बेजान दिखने लगती है और पेशाब करते समय जलन महसूस होने लगती है. इतना ही नहीं, लंबे समय तक पानी कम पीने से चक्कर आना, लगातार सिरदर्द, पेट में ऐंठन जैसी दिक्कतें भी सामने आने लगती हैं. कई रिसर्च यह भी बताती हैं कि शरीर में पानी की कमी से हृदय संबंधी जोखिम बढ़ सकता है, क्योंकि ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होने लगता है.
थकान, चिड़चिड़ापन और खराब मूड, सबकी जड़ पानी की कमी
पानी सिर्फ शरीर को ऊर्जा नहीं देता, बल्कि दिमाग के फंक्शन को भी कंट्रोल करता है. कम पानी पीने वाले लोग बहुत जल्दी थक जाते हैं, काम में फोकस नहीं लगा पाते और मूड बार-बार खराब होता है. यह भी देखा गया है कि डिहाइड्रेशन मेमोरी और सोचने की क्षमता पर असर डालता है. यानी शरीर पानी मांगता है, लेकिन हम उसकी आवाज़ को अनदेखा कर देते हैं.
कैसे पहचानें कि आपका शरीर डिहाइड्रेट हो रहा है?
अगर आप दिन में बहुत कम बार पेशाब कर रहे हैं, या यूरिन का रंग गहरा पीला हो जाता है तो यह साफ संकेत है कि शरीर पानी की कमी झेल रहा है. पेशाब में जलन महसूस होना, बार-बार सिरदर्द होना, थकान का जल्दी आना और हल्का चक्कर महसूस होना ये सभी डिहाइड्रेशन के सीधे संकेत हैं. शरीर आपको बार-बार बताता है कि उसे पानी चाहिए, बस जरूरत है इन संकेतों को समय पर समझने की.
सुबह की शुरुआत पानी से—छोटा कदम, बड़ा फायदा
हेल्थ एक्सपर्ट सुबह उठकर खाली पेट एक गिलास पानी पीने की सलाह देते हैं. इससे शरीर रातभर की डिहाइड्रेशन को रिकवर करता है और मेटाबॉलिज़्म एक्टिव होता है.पानी के अलावा आप अपनी डाइट में खीरा, संतरा, तरबूज, गाजर और नारियल पानी जैसे हाई-वॉटर कंटेंट फूड को शामिल करके भी शरीर में पानी का स्तर बढ़ा सकते हैं.
Disclaimer: इस आर्टिकल में बताई विधियां, तरीके और दावे अलग-अलग जानकारियों पर आधारित हैं. BHARAT 24 आर्टिकल में दी गई जानकारी के सही होने का दावा नहीं करता है. किसी भी उपचार और सुझाव को अप्लाई करने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें.
यह भी पढ़ें: सर्दी में बाइक चलाते वक्त ठंड से बचने के लिए अपनाएं ये ट्रिक, नहीं होगा सर्दी-जुकाम