अक्षय खन्ना OUT, जयदीप अहलावत IN! ‘दृश्यम 3’ को लेकर मेकर्स का बड़ा खुलासा

Drishyam 3: अजय देवगन की सुपरहिट फ्रेंचाइज़ी ‘दृश्यम’ का तीसरा पार्ट एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन वजह कहानी नहीं बल्कि कास्टिंग को लेकर मचा सस्पेंस है.

Drishyam 3 Jaideep Alhawat is replacing akshay khanna or not
Image Source: Social Media

Drishyam 3: अजय देवगन की सुपरहिट फ्रेंचाइज़ी ‘दृश्यम’ का तीसरा पार्ट एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन वजह कहानी नहीं बल्कि कास्टिंग को लेकर मचा सस्पेंस है. ‘दृश्यम 3’ को लेकर जहां दर्शकों की एक्साइटमेंट चरम पर है, वहीं फिल्म से जुड़े कुछ बड़े बदलावों ने इंडस्ट्री में हलचल बढ़ा दी है. खासतौर पर अक्षय खन्ना के बाहर होने और जयदीप अहलावत की एंट्री ने फैंस के बीच कई सवाल खड़े कर दिए थे. अब मेकर्स ने इन सभी अटकलों पर साफ जवाब दे दिया है.


‘दृश्यम 2’ में तेज-तर्रार पुलिस अफसर के रोल में नजर आए अक्षय खन्ना इस बार फिल्म का हिस्सा नहीं होंगे. उनके प्रोजेक्ट छोड़ने के बाद जैसे ही खबर आई कि जयदीप अहलावत फिल्म से जुड़ गए हैं, सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया. कई लोगों ने मान लिया कि जयदीप, अक्षय के किरदार को ही आगे बढ़ाएंगे, लेकिन हकीकत इससे अलग है.

डायरेक्टर ने तोड़ी चुप्पी

फिल्म के निर्देशक अभिषेक पाठक ने एक इंटरव्यू में साफ किया कि जयदीप अहलावत, अक्षय खन्ना को रिप्लेस नहीं कर रहे हैं. उनके मुताबिक, जयदीप के लिए कहानी में बिल्कुल नया और दमदार किरदार गढ़ा गया है. यानी ‘दृश्यम 3’ में दर्शकों को एक ऐसा ट्विस्ट देखने को मिलेगा, जो कहानी को नई दिशा देगा.

प्रोड्यूसर के बयान से बढ़ी थी उलझन

इससे पहले निर्माता कुमार मंगत पाठक का बयान चर्चा में रहा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि अक्षय के बाहर होने के बाद जयदीप उनकी जगह आए हैं. उन्होंने यहां तक कहा था कि उन्हें अक्षय से भी बेहतर एक्टर मिल गया है. इसी बयान की वजह से कन्फ्यूजन और ज्यादा बढ़ गया था, जिसे अब डायरेक्टर ने पूरी तरह क्लियर कर दिया है.

क्यों बाहर हुए अक्षय खन्ना?

अक्षय खन्ना के फिल्म छोड़ने की वजह भी सामने आ चुकी है. बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी फीस में भारी बढ़ोतरी की मांग रखी थी. इसके अलावा वे अपने किरदार के लिए विग पहनने पर अड़े हुए थे, जबकि ‘दृश्यम 2’ में उनका किरदार गंजा दिखाया गया था. इससे कहानी की निरंतरता पर असर पड़ता. कई दौर की बातचीत के बावजूद जब सहमति नहीं बन पाई और अक्षय ने कॉल्स रिसीव करना बंद कर दिया, तो आखिरकार उन्होंने फिल्म से अलग होने का फैसला कर लिया. मेकर्स ने इस मामले में उन्हें लीगल नोटिस भी भेजा है.

जनवरी से गोवा में शुरू होगी शूटिंग

‘दृश्यम 3’ की शूटिंग जनवरी 2026 से गोवा में बड़े शेड्यूल के साथ शुरू होने जा रही है. इस दौरान अजय देवगन, तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर और जयदीप अहलावत समेत पूरी स्टारकास्ट सेट पर मौजूद होगी. फिल्म को 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा.यह फिल्म ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइज़ी का आखिरी चैप्टर मानी जा रही है, ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि जयदीप अहलावत का नया किरदार इस थ्रिलर को और भी यादगार बना देगा.

यह भी पढ़ें: Dhurander Box Office: धुरंधर ने पार की 800 करोड़ की कमाई, 'पुष्पा 2' को भी छोड़ा पीछे