लाइव मैच में आया भूकंप, बीच में रोका गया मैच, डर गए आयरलैंड और बांग्लादेश के क्रिकेटर! देखें VIDEO

ढाका में शुक्रवार की सुबह चल रहा बांग्लादेश और आयरलैंड के बीच दूसरा टेस्ट अचानक एक अप्रत्याशित वजह से थम गया. आमतौर पर क्रिकेट मैच बारिश, खराब रोशनी या किसी जानवर के मैदान में घुस जाने पर रुके हैं, लेकिन इस बार वजह थी भूकंप.

Earthquake hits live cricket match between Ireland and Bangladesh
Image Source: Social Media

ढाका में शुक्रवार की सुबह चल रहा बांग्लादेश और आयरलैंड के बीच दूसरा टेस्ट अचानक एक अप्रत्याशित वजह से थम गया. आमतौर पर क्रिकेट मैच बारिश, खराब रोशनी या किसी जानवर के मैदान में घुस जाने पर रुके हैं, लेकिन इस बार वजह थी भूकंप. खेल के तीसरे दिन अचानक धरती हिलने लगी और खिलाड़ियों को कुछ क्षणों के लिए मैदान पर ही नीचे बैठना पड़ा.

राजधानी ढाका में सुबह करीब 10 बजकर 8 मिनट पर 5.7 तीव्रता के झटके महसूस किए गए. उसी समय आयरलैंड की दूसरी पारी का 56वां ओवर शुरू होने ही वाला था और मेहमान टीम का स्कोर पाँच विकेट पर 165 रन था. झटके आते ही आसपास की इमारतों में लोग बाहर निकल आए और मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और अंपायरों ने एहतियातन खेल रोक दिया.

खिलाड़ी मैदान पर बैठ गए, मैच रोका गया

भूकंप का केंद्र ढाका के समीप स्थित नरसिंगडी जिले के पास बताया गया. झटके करीब 25–30 सेकंड तक चलते रहे और उसी दौरान मैदान पर मौजूद क्रिकेटर्स ने सुरक्षित रहने के लिए जमीन पर बैठने का फैसला किया. बाउंड्री पर तैनात फील्डर्स भी तेजी से पिच की ओर आ गए.

ड्रेसिंग रूम में मौजूद खिलाड़ी भी बाहर निकलकर मैदान के खुले हिस्से में आ गए, ताकि किसी तरह की गिरती वस्तु या ढांचे से खतरा न हो. सौभाग्य से स्टेडियम और मैदान के आसपास किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ.

कुछ ही देर बाद जब झटके थम गए और सुरक्षा अधिकारी पूरी तरह संतुष्ट हो गए, तो मैच फिर से शुरू किया गया.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना का वीडियो कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर छा गया. क्लिप्स में साफ दिखता है कि धरती की हलचल के साथ खिलाड़ी अचानक रुक गए और धीरे-धीरे मैदान के बीच में इकठ्ठा होने लगे.

क्रिकेट आयरलैंड ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर भी पुष्टि की कि हल्के मगर साफ महसूस होने वाले भूकंप के कारण मैच को अस्थायी रूप से रोका गया था.

2022 में भी मैच भूकंप के कारण रुका था

क्रिकेट में भूकंप की वजह से मैच रुकना दुर्लभ है, लेकिन यह पहली घटना नहीं. 2022 में जिम्बाब्वे और आयरलैंड की अंडर-19 टीमों के बीच खेले जा रहे मुकाबले में भी अचानक आए भूकंप के कारण खेल रोकना पड़ा था.

ये भी पढ़ें- दिल्ली में जहरीली हवा के बीच स्कूल गतिविधियों पर रोक, आयोग ने जारी किया कड़ा निर्देश