Anurag Dwivedi ED Raids: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के नवाबगंज क्षेत्र में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने फेमस यूट्यूबर और फैंटेसी स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म प्रमोटर अनुराग द्विवेदी के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. यह कार्रवाई उनके कथित तौर पर फैंटेसी लीग के माध्यम से करोड़ों रुपए के सट्टे और आय से अधिक संपत्ति के मामलों की जांच के तहत की गई. ईडी की टीम ने नवाबगंज कस्बे और अनुराग द्विवेदी के पैतृक गांव भितरेपार खजूर में दबिश दी, लेकिन इस दौरान अनुराग घर पर मौजूद नहीं थे.
26 साल के अनुराग द्विवेदी की संपत्ति में अचानक भारी इजाफा हुआ, जिससे उनकी जीवनशैली में भी बदलाव आया. पहले साइकिल से आने-जाने वाला युवक अब महंगी और लग्जरी कारों जैसे बीएमडब्ल्यू, फेरारी और मर्सिडीज में यात्रा करने लगा. इस साल 22 नवंबर को उन्होंने लखनऊ की रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड से दुबई में क्रूज पर शादी की. इस शादी में उन्नाव के लोग भी शामिल हुए थे, और आने-जाने की व्यवस्था अनुराग ने खुद दुबई में सुनिश्चित की. उनकी यह चकाचौंध भरी जिंदगी स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी.
चाचा के घर पर भी हुई जांच
दुबई से लौटने के बाद उनकी शादी और लग्जरी जीवनशैली के चर्चे आम हो गए. इस चर्चा के एक महीने के भीतर ही ईडी ने उनके ठिकानों पर छापेमारी की. जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम ने नवाबगंज कस्बे और भितरेपार खजूर में घंटों तक जांच-पड़ताल की, जिसमें संपत्ति और वित्तीय दस्तावेजों की समीक्षा की गई. इसके साथ ही उनकी संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच भी की गई. बताया गया कि उनके चाचा के घर पर भी ईडी की टीम ने दस्तावेजों और वित्तीय रिकार्ड की समीक्षा की.
आय से अधिक संपत्ति और फैंटेसी लीग से जुड़े आरोप
सूत्रों के अनुसार, ईडी को संदेह है कि अनुराग द्विवेदी ने फैंटेसी लीग के माध्यम से करोड़ों रुपए का सट्टा खेला और उससे अर्जित धन को विभिन्न तरीकों से निवेश किया. उनकी घोषित आय के मुकाबले संपत्तियां कहीं अधिक होने के आधार पर आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है. इस पूरे मामले में ईडी ने अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है और कार्रवाई को गोपनीय रखा गया है.
सट्टा किंग के नाम से चर्चा में अनुराग
अनुराग द्विवेदी को स्थानीय स्तर पर ‘सट्टा किंग’ के नाम से भी जाना जाता है. उनकी छापेमारी के बाद नवाबगंज और आसपास के इलाकों में इस मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है. स्थानीय लोग फैंटेसी लीग और इसमें जुड़े कथित सट्टा नेटवर्क, इसके संचालन और अन्य प्रतिभागियों की भूमिका को लेकर सवाल उठा रहे हैं. नवाबगंज के सीओ हसनगंज अरविंद चौरसिया ने पुष्टि की कि ईडी ने अनुराग द्विवेदी के घर पर जांच की.
यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर के रूप में पहचान
अनुराग द्विवेदी फैंटेसी स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म के प्रमोटर और कंटेंट क्रिएटर हैं. उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लाखों फॉलोवर हैं. वह सीधे गेम में पैसा नहीं लगाते, बल्कि अपनी लोकप्रियता और ब्रांड सहयोग के माध्यम से लाखों रुपये कमाते हैं.
लग्जरी जीवनशैली और सार्वजनिक चर्चा
अनुराग की दुबई में हुई शादी के बाद उनकी लग्जरी जीवनशैली ने स्थानीय लोगों और मीडिया का ध्यान आकर्षित किया. शादी में उनके महंगे वाहन, बड़े समारोह और अतिथि आवागमन के शानदार इंतजाम ने लोगों के बीच चर्चा पैदा की. उनके जीवनशैली में यह बदलाव और फैंटेसी लीग से अर्जित संपत्ति के संबंध में ईडी की जांच अब पूरे क्षेत्र में सुर्खियों में है.
इस पूरे मामले की गहन जांच जारी है और यह देखा जाएगा कि जांच के दौरान कौन से दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड ईडी के हाथ लगते हैं, और क्या इस मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई होगी.
यह भी पढ़ें- तीन महीनों में UPI ने किया धमाका, लेन-देन में 33.5% की उछाल, 70 करोड़ से ज्यादा एक्टिव QR कोड