SIR प्रक्रिया को लेकर बड़ा फैसला, 7 दिन बढ़ाई गई समय सीमा, अब इस दिन तक जमा कर सकेंगे फॉर्म

देश के 12 राज्यों में चल रही SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया को लेकर सरकार ने एक अहम निर्णय लिया है.

Election Commission extended SIR deadline by 7 days
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

देश के 12 राज्यों में चल रही SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया को लेकर सरकार ने एक अहम निर्णय लिया है. SIR के तहत फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि पहले 4 दिसंबर निर्धारित थी, लेकिन लगातार बढ़ते कार्यभार और जिलों से आ रही शिकायतों को देखते हुए सरकार ने इस प्रक्रिया को 7 दिनों के लिए और आगे बढ़ा दिया है. अब SIR प्रक्रिया 11 दिसंबर तक जारी रहेगी.

यह निर्णय ऐसे समय आया है, जब कई जिलों से सूचना मिल रही थी कि BLO (Booth Level Officers) पर अत्यधिक दबाव है और वे निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं.

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी करने की तारीख भी बढ़ी

पहले ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 9 दिसंबर 2025 को प्रकाशित होने वाली थी, लेकिन SIR की समय सीमा बढ़ने के कारण इस तारीख को भी संशोधित कर दिया गया है.
अब यह सूची 16 दिसंबर 2025 को जारी की जाएगी.

तारीखों में हुए प्रमुख बदलाव

1. ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पब्लिकेशन

पुरानी तारीख: 9 दिसंबर 2025

नई तारीख: 16 दिसंबर 2025

2. दावे और आपत्तियों के लिए समय

पुरानी अवधि: 9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026

नई अवधि: 16 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026

3. अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन

पुरानी तारीख: 7 फरवरी 2026

नई तारीख: 14 फरवरी 2026

कुल मिलाकर चुनाव आयोग ने पूरी प्रक्रिया को पूरे एक सप्ताह आगे बढ़ा दिया है, ताकि किसी भी अधिकारी पर अनावश्यक दबाव न पड़े और मतदाता अपने दस्तावेज समय से जमा करा सकें.

BLO पर दबाव कम करने के लिए कदम

कई राज्यों में BLO लगातार अधिक कार्यभार की शिकायत कर रहे थे. कुछ जिलों से ऐसी खबरें भी आई थीं कि निर्धारित समयसीमा के कारण कई BLO तनाव में थे. कुछ मामलों में दिल का दौरा, अत्यधिक मानसिक दबाव, और आत्महत्या जैसी घटनाओं का ज़िक्र भी सामने आया था, जिसने प्रशासन को चिंतित कर दिया.

सरकार के इस निर्णय से अब SIR में लगे अधिकारियों को अतिरिक्त 7 दिन मिल जाएंगे, जिससे वे बिना दबाव के कार्य कर सकेंगे. देश के कई क्षेत्रों में अभी भी SIR फॉर्म की प्रक्रिया 50% से भी कम पूरी हो पाई थी, इसलिए यह विस्तार बेहद आवश्यक माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें- 'अप्रवासियों को पकड़वाओ, एक महीने तक अनलिमिटेड फ्री-बीयर पाओ...' अमेरिकी बार ने दिया चौंकाने वाला ऑफर