एलन मस्क ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, बने 500 बिलियन डॉलर नेटवर्थ वाले दुनिया के पहले इंसान

टेस्‍ला के सीईओ एलन मस्क ने दुनिया के सबसे अमीर इंसान बनने की दौड़ में एक ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया है.

Elon Musk becomes the first person to have a net worth of $500 billion
Image Source: Social Media

नई दिल्ली: टेस्‍ला के सीईओ एलन मस्क ने दुनिया के सबसे अमीर इंसान बनने की दौड़ में एक ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया है. उनकी कुल संपत्ति अब 500 अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 41 लाख करोड़ रुपये) के पार पहुंच गई है, जिससे वह ऐसा करने वाले विश्व के पहले व्यक्ति बन गए हैं.

फोर्ब्स की अरबपति सूची के अनुसार, 2025 के अक्टूबर महीने की शुरुआत में, बुधवार शाम 4:15 बजे (ईस्टर्न टाइम) मस्क की नेटवर्थ 500.1 अरब डॉलर रिकॉर्ड की गई. यह आंकड़ा न सिर्फ एक नया विश्व रिकॉर्ड है, बल्कि यह इस बात का भी संकेत है कि मस्क की व्यावसायिक रणनीतियां और भविष्य-दृष्टि उन्हें लगातार नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही हैं.

टेस्ला के शेयरों की जबरदस्त उड़ान

एलन मस्क की संपत्ति में इस अभूतपूर्व उछाल का सबसे बड़ा कारण टेस्ला के शेयरों में आई भारी तेजी है. साल 2025 की शुरुआत से अब तक टेस्ला के शेयरों में 14% से ज्यादा की वृद्धि हो चुकी है. बुधवार को ही कंपनी का स्टॉक करीब 4% उछल गया, जिससे एलन मस्क की व्यक्तिगत दौलत में एक ही दिन में लगभग 7 अरब डॉलर का इजाफा हुआ.

टेस्ला अब केवल एक इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी नहीं रह गई है. कंपनी अब खुद को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स और एनर्जी स्टोरेज के क्षेत्र में एक अग्रणी ताकत के रूप में पेश कर रही है. यही वजह है कि निवेशकों का भरोसा कंपनी में लगातार बढ़ता जा रहा है.

स्पेसएक्स और xAI की बढ़ती ताकत

मस्क की अन्य कंपनियों ने भी उनकी कुल संपत्ति में इजाफा करने में बड़ा योगदान दिया है. स्पेसएक्स (SpaceX), जो अब तक हजारों सफल उपग्रह लॉन्च कर चुका है, निजी अंतरिक्ष अन्वेषण क्षेत्र में एक प्रमुख नाम बन चुका है. कंपनी की बढ़ती वैल्यूएशन और अंतरराष्ट्रीय अनुबंधों ने मस्क की संपत्ति में बड़ा योगदान दिया है.

वहीं उनकी AI कंपनी xAI भी तेजी से चर्चा में आ गई है. इस कंपनी का उद्देश्य ओपनएआई, गूगल डीपमाइंड और एंथ्रॉपिक जैसी स्थापित AI कंपनियों को चुनौती देना है. हाल ही में xAI को कई बड़े निवेशकों से भारी फंडिंग मिली है और इसकी वैल्यू तेजी से बढ़ रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में xAI, एलन मस्क के व्यवसायिक साम्राज्य का एक और मजबूत स्तंभ बन सकती है.

ये भी पढ़ें- भारतीय शास्त्रीय संगीत के सुर पुरुष पंडित छन्नूलाल मिश्रा का निधन, वाराणसी में 91 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस