दुनिया के सबसे चर्चित उद्यमियों में शामिल एलन मस्क का एक साल पुराना मजाक एक बार फिर इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया है. यह क्लिप 2024 के एक टेक इवेंट की है, जिसमें मस्क हल्के-फुल्के अंदाज़ में खुद को “एलियन” बताते नजर आते हैं. जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर दोबारा सामने आया, लोगों ने इसे मीम्स और जोक्स के साथ शेयर करना शुरू कर दिया.
वीडियो में मस्क कहते हैं कि वे अक्सर लोगों से खुद को एलियन बताते हैं, लेकिन कोई भी उन पर भरोसा नहीं करता. उन्होंने हंसते हुए कहा कि उनके पास इसका एक “सरकारी सबूत” भी है, उनके अमेरिकी ग्रीन कार्ड पर लिखा हुआ “Alien Registration”. यह शब्द अमेरिकी इमिग्रेशन कानून की औपचारिक भाषा का हिस्सा है, जहां विदेशी नागरिकों को एलियन कैटेगरी में रखा जाता है. हालांकि यह सामान्य प्रशासनिक शब्द है, लेकिन इंटरनेट यूज़र्स इसे मस्क की फ्यूचरिस्टिक पर्सनालिटी से जोड़कर मजाक बना रहे हैं.
VivaTech 2024 इवेंट में दिया था बयान
यह बयान 2024 में पेरिस में आयोजित VivaTech इवेंट के दौरान सामने आया था. “एलन मस्क के बारे में वह सब कुछ जो आप हमेशा जानना चाहते थे लेकिन पूछने से डरते थे” नामक सेशन में उनसे कई मजेदार सवाल पूछे गए थे. मस्क इस कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए थे. उनके ‘एलियन होने’ की अफवाहों पर पूछे गए सवाल का जवाब उन्होंने इसी मजाक के साथ दिया था, जिसके बाद यह क्लिप अब दोबारा चर्चा का विषय बन गई है.
ELON: I HAVE GOVERNMENT PROOF I’M AN ALIEN
— Mario Nawfal (@MarioNawfal) November 14, 2025
"I keep telling people I'm an alien, but nobody believes me.
I mean, when I got my green card, it said alien registration part.
So I mean, you know, I have proof from the government."
Source: @BaronCapital https://t.co/vL5Izz1UTG pic.twitter.com/Wus8lC5J2u
ग्रीन कार्ड पर ‘Alien Registration’ क्यों लिखा होता है
बहुत से लोग इस शब्द को गलत अर्थों में लेते हैं, जबकि यह सिर्फ अमेरिकी इमिग्रेशन सिस्टम का आधिकारिक टर्म है. स्थायी निवास के लिए मिलने वाला ग्रीन कार्ड अक्सर ‘Alien Registration Card’ भी कहा जाता है. यह कार्ड अमेरिका में रहने और काम करने का वैध अधिकार देता है. मस्क के मजाक ने वही प्रशासनिक टर्म इंटरनेट मीम कल्चर का हिस्सा बना दिया.
OpenAI बनाने की वजह पर भी बोले मस्क
उसी कार्यक्रम में मस्क से OpenAI की स्थापना के बारे में भी सवाल पूछा गया. उन्होंने बताया कि उनकी AI को लेकर चिंताएं 2010 के दशक में ही बढ़ने लगी थीं. एक बार उनकी जन्मदिन पार्टी में गूगल के सह-संस्थापक लैरी पेज ने कहा था कि मस्क इंसानों को मशीनों से ज्यादा तरजीह देते हैं. मस्क के मुताबिक पेज का यह नजरिया उन्हें असहज लगा क्योंकि वे मानते थे कि AI के विकास में मानव सुरक्षा सर्वोच्च होनी चाहिए. इसी सोच के साथ उन्होंने OpenAI की अवधारणा पर काम शुरू किया, ताकि AI विकास केवल कुछ बड़ी टेक कंपनियों के नियंत्रण में न रहे, बल्कि खुले और सुरक्षित ढांचे में आगे बढ़े.
ये भी पढ़ें- पार्टनर की मौत के 1.5 साल बाद मां बनी इजराइली महिला, क्या है पोस्टमॉर्टम स्पर्म रिट्रीवल तकनीक?