बीते कुछ दिनों से वृंदावन के पूज्य संत प्रेमानंद जी महाराज के स्वास्थ्य को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की खबरें सामने आ रही हैं. इसी दौरान बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता और यूट्यूबर एल्विश यादव ने महाराज से व्यक्तिगत मुलाकात की, जिसकी झलक सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है.
मुलाकात के दौरान एल्विश ने न केवल संत से आशीर्वाद लिया, बल्कि उनकी सेहत के बारे में भी विस्तार से बातचीत की. संत प्रेमानंद जी से हुई इस आत्मीय बातचीत ने लाखों भक्तों के दिल को छू लिया.
महाराज ने खुद दी स्वास्थ्य की जानकारी
जब एल्विश यादव ने संत जी की तबीयत के बारे में पूछा, तो उन्होंने सहज भाव से जवाब देते हुए कहा, मेरी दोनों किडनियां खराब हो चुकी हैं, लेकिन प्रभु की कृपा है कि अब भी आप सबसे मिल पा रहा हूं, बात कर पा रहा हूं. अब कुछ भी ठीक करना शेष नहीं है... आज नहीं तो कल, सबको जाना है. उनके इन शब्दों को सुनकर एल्विश यादव भी भावुक हो उठे. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि यह बातचीत केवल औपचारिक नहीं, बल्कि एक गहरी आत्मीयता से भरी हुई थी.
नाम जप को लेकर संत ने दी सलाह
बातचीत के दौरान प्रेमानंद जी महाराज ने एल्विश यादव से पूछा, क्या तुम नाम जप करते हो? एल्विश ने विनम्रता से स्वीकार किया कि अभी वे नियमित रूप से नाम जप नहीं करते. इस पर महाराज ने मुस्कराते हुए कहा, तुम आज जो कुछ भी हो, अपने पिछले जन्मों के अच्छे कर्मों की वजह से हो. लेकिन आज जो करोगे, वही तुम्हारा भविष्य तय करेगा. रोज़ाना 10,000 बार ‘राधा’ नाम का जाप करो, और अपने हाथ में एक अंगूठी पहन लो – बस शुरुआत कर दो. एल्विश ने श्रद्धा से सिर झुकाते हुए इस बात के लिए हामी भरी और वादा किया कि वह अब से रोज ‘राधा’ नाम का जाप करेंगे.
संत की सीख: जीवनशैली ही बनती है उदाहरण
मुलाकात के अंत में प्रेमानंद जी ने एल्विश को एक महत्वपूर्ण बात समझाई, अगर तुम हाथ में शराब लेकर कैमरे में आओगे, तो लाखों लोग वही अपनाएंगे. लेकिन अगर तुम राधा नाम जपोगे, तो वही लाखों में फैलेगा. तुम्हारा एक कदम लाखों युवाओं की दिशा बदल सकता है. यह बात एल्विश के साथ-साथ उनके करोड़ों फॉलोअर्स के लिए भी एक अहम संदेश थी – कि एक पब्लिक फिगर की जिम्मेदारी सिर्फ अपनी नहीं, पूरे समाज की होती है.
फैंस कर रहे एल्विश की तारीफ
सोशल मीडिया पर इस मुलाकात के वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही हैं. फैंस एल्विश यादव की विनम्रता, आस्था और संत प्रेमानंद जी के प्रति श्रद्धा की सराहना कर रहे हैं. कई यूजर्स ने लिखा कि ये मुलाकात सिर्फ एक विजेता यूट्यूबर और एक संत के बीच नहीं, बल्कि एक नई पीढ़ी और सनातन संस्कृति के बीच सेतु जैसी है.
यह भी पढ़ें: पुराना और भ्रामक था... विश्वास मत कीजिए, संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य पर आश्रम ने जारी किया अपडेट