झारखंड के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में माओवादियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की दिशा में सुरक्षा बलों की तैयारियां और तेज कर दी गई हैं. खासतौर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा और उसके आसपास के इलाकों में चल रहे अभियानों को लेकर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) पूरी तरह अलर्ट मोड में है.
इसी क्रम में CRPF के महानिदेशक (ऑपरेशन) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह झारखंड के चाईबासा पहुंचे, जहां उन्होंने माओवाद विरोधी अभियान ‘ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट’ की प्रगति और रणनीति की गहन समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में तैनात सुरक्षा बलों के वरीय अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की.