23 बाउंड्री और सिर्फ 39 गेंदों में शतक... इस इंग्लिश बल्लेबाज़ ने साउथ अफ्रीकी गेंदबाज़ों की कर दी धुनाई!

Phil Salt Scored Century: जब पहला मैच खेलते ही फिल साल्ट गोल्डन डक पर लौटे तो शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि अगली बार वह मैदान पर कहर बनकर टूटेंगे! लेकिन दूसरे टी20 में साल्ट ने वो कर दिखाया, जिसे क्रिकेट फैंस लम्बे समय तक याद रखेंगे.

ENG vs SA match Phil Salt thrashed the South African bowlers
Image Source: Social Media/X

Phil Salt Scored Century: जब पहला मैच खेलते ही फिल साल्ट गोल्डन डक पर लौटे तो शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि अगली बार वह मैदान पर कहर बनकर टूटेंगे! लेकिन दूसरे टी20 में साल्ट ने वो कर दिखाया, जिसे क्रिकेट फैंस लम्बे समय तक याद रखेंगे. साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों के खिलाफ उन्होंने ऐसा बल्ला चलाया कि गेंद हवा में तैरती नजर आई और दर्शक सीटों से उछल पड़े.

39 गेंद में शतक, 141 रनों की नाबाद पारी, 15 चौके और 8 छक्के, यह किसी सामान्य पारी का स्कोरकार्ड नहीं, बल्कि एक विस्फोटक तूफान की कहानी है, जो फिल साल्ट नाम के बल्लेबाज़ ने रचा. उनकी इस पारी ने न सिर्फ इंग्लैंड को एक विशाल स्कोर तक पहुंचाया, बल्कि टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक नया इतिहास भी रच दिया.

जब इंग्लैंड ने रचा इतिहास

इस ऐतिहासिक पारी के दम पर इंग्लैंड ने सिर्फ 2 विकेट के नुकसान पर 304 रन ठोक दिए, जो कि किसी भी टेस्ट प्लेइंग नेशन द्वारा टी20 इंटरनेशनल में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर बन गया. इससे पहले यह रिकॉर्ड भारत के नाम था, जिसने 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ 297 रन बनाए थे.

बटलर भी बने रफ्तार के राजा

फिल साल्ट अकेले ही शो के स्टार नहीं थे. जोस बटलर ने भी अपना क्लास दिखाया और सिर्फ 30 गेंदों पर 83 रन ठोक डाले. 8 चौके और 7 छक्के उनके बल्ले से निकले. इसके अलावा जैकब बेथल ने 14 गेंद में 26 रन और कप्तान हैरी ब्रूक ने 21 गेंद में 41 रन बनाकर अपनी टीम को रिकॉर्ड स्कोर तक पहुंचाया.

साउथ अफ्रीका की हार और गेंदबाज़ों की शामत

305 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम महज़ 158 रन पर ढेर हो गई. इंग्लैंड की बॉलिंग यूनिट ने भी दमदार प्रदर्शन किया, जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट, जबकि सैम करन, लियाम डॉसन और विल जैक्स ने 2-2 विकेट चटकाए. आदिल राशिद ने भी 1 विकेट लिया. मैच इंग्लैंड ने 146 रन से जीता, और सीरीज़ को 1-1 से बराबर कर दिया.

यह भी पढ़ें- भारत पर टैरिफ लगाओ... अमेरिका है कि मान नहीं रहा! G-7 देशों के वित्त मंत्रियों से लगाने लगा गुहार