Malti Chahar Latest News: बिग बॉस फेम एक्ट्रेस और क्रिकेटर दीपक चाहर की बहन मालती चाहर ने हाल ही में अपने खिलाफ चल रही अफवाहों और कथित फर्जी खबरों को लेकर एक ऑफिशियल बयान जारी किया है.
मालती ने साफ शब्दों में कहा कि बिग बॉस के बाद मीडिया के कुछ हिस्सों ने उनके परिवार के बारे में झूठी और सनसनी फैलाने वाली रिपोर्टें पेश की हैं, जो बिल्कुल अस्वीकार्य हैं. उन्होंने इस तरह की पत्रकारिता की तीखी आलोचना की और कहा कि वह अपनी और अपने परिवार की इज्जत की रक्षा के लिए हर कानूनी कदम उठाएंगी.
परिवार को घसीटने पर भड़कीं मालती
अपने बयान में मालती चाहर ने कहा कि कुछ लोग बेवजह उनके परिवार को विवाद में घसीट रहे हैं और उन्हें झूठी कहानियों में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी भी अपने माता-पिता पर किसी तरह का उत्पीड़न या प्रताड़ना का आरोप नहीं लगाया. उनके अनुसार, इन दावों में कोई सच्चाई नहीं है और यह सब पूरी तरह झूठा और मनगढ़ंत है. मालती ने अपने परिवार के प्रति अपने प्यार और सम्मान को सबसे ऊपर रखा और कहा कि किसी भी हाल में इस सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा.
मालती ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “जब से मेरा बिग बॉस का सफर शुरू हुआ है, मीडिया के कुछ लोग झूठ और सनसनी फैलाने वाली बातें कर रहे हैं. मेरे परिवार को झूठी और गंदी कहानियों में घसीटना बिल्कुल गलत है. मैंने कभी भी अपने माता-पिता पर मारपीट या परेशान करने का आरोप नहीं लगाया. ये सारी बातें पूरी तरह झूठी हैं. मेरे परिवार के लिए मेरा प्यार और सम्मान सबसे ऊपर है."
कानूनी रास्ते अपनाने का एलान
मालती चाहर ने अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया कि वह ऐसे झूठे आरोपों और गैर-जिम्मेदार पत्रकारिता के खिलाफ चुप नहीं रहेंगी. उन्होंने कहा कि वे हर कानूनी रास्ता अपनाएंगी और सच्चाई के लिए आखिरी दम तक लड़ेंगी. एक्ट्रेस ने सभी से अपील की कि सनसनी फैलाने वाली खबरों के बजाय सच्चाई का समर्थन किया जाए और झूठे दावों को बढ़ावा न दिया जाए.
मालती ने कहा, "ये क्लिकबेट पत्रकारिता का सबसे घटिया रूप है. मैं चुप नहीं रहूंगी और हर कानूनी रास्ता अपनाऊंगी. मैं सभी से अपील करती हूं कि झूठी खबरों और गैर-जिम्मेदार रिपोर्टिंग के खिलाफ मेरा साथ दें और सनसनी की बजाय सच्चाई का साथ दें."
परिवार के बारे में पूर्व इंटरव्यू में की गई बातें
मालती चाहर ने पहले भी अपने इंटरव्यू में अपने परिवार की स्थिति और पारिवारिक संघर्षों को लेकर खुलासा किया था. उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता का अलगाव उनके लिए मानसिक और भावनात्मक रूप से चुनौतीपूर्ण रहा. अपने बचपन की कठिनाइयों के बारे में मालती ने बताया कि कई बार झगड़ों के बाद उनके माता-पिता बिना वजह उनका गुस्सा उन पर निकालते थे.
मालती ने स्वीकार किया कि घर में सबसे बड़ी बेटी होने के कारण उन्हें ज्यादा दिक्कतें झेलनी पड़ती थीं, जबकि उनके छोटे भाई दीपक चाहर, जो अब क्रिकेट में अपना करियर बना चुके हैं, इस तरह के संघर्षों से दूर रहते थे. उन्होंने अपने परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारी और प्यार के बारे में भी खुलकर बात की.
ये भी पढे़ं- Nayak 2: 'शिवाजी राव' के किरादार में 25 साल बाद वापसी करेंगे अनिल कपूर, कब शुरू होगी नायक 2 की शूटिंग?