Hai Jawaani Toh Ishq Hona Hai OTT Release: वरुण धवन की अपकमिंग कॉमेडी-रोमांटिक फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ इन दिनों काफी चर्चा में बनी हुई है. डेविड धवन के निर्देशन में तैयार इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच अच्छा-खासा बज बना हुआ है. अब फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज से पहले इसकी ओटीटी रिलीज को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है.
जी5 पर रिलीज हो सकती है फिल्म
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘है जवानी तो इश्क होना है’ थिएटर रिलीज के बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर स्ट्रीम की जा सकती है. फिल्म 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. ऐसे में माना जा रहा है कि थिएट्रिकल रन खत्म होने के बाद अगस्त की शुरुआत तक फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक दे सकती है. हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक आधिकारिक ओटीटी रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है.
डेविड धवन की आखिरी फिल्म होने की चर्चा
बताया जा रहा है कि यह फिल्म निर्देशक डेविड धवन के करियर की आखिरी फिल्म हो सकती है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह इस फिल्म के बाद निर्देशन से रिटायरमेंट लेने का मन बना रहे हैं. ‘है जवानी तो इश्क होना है’ वरुण धवन और डेविड धवन की साथ में चौथी फिल्म है.
40 करोड़ के बजट में बनी फिल्म
फिल्म का बजट करीब 40 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. स्टारकास्ट की बात करें तो फिल्म में वरुण धवन के साथ पूजा हेगड़े, मृणाल ठाकुर, जिमी शेरगिल, मनीष पॉल, चंकी पांडे, मौनी रॉय, कुब्रा सैत, अली असगर, राजेश कुमार और राकेश बेदी जैसे कलाकार नजर आने वाले हैं.
ट्रेलर में दिखा कॉमेडी और लव ट्रायंगल का तड़का
हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया था, जिसमें कॉमेडी, रोमांस और लव ट्रायंगल का मजेदार मेल देखने को मिला. ट्रेलर में वरुण धवन की कॉमिक टाइमिंग को काफी पसंद किया जा रहा है. फिल्म का निर्माण रमेश तौरानी ने किया है, जबकि इसका म्यूजिक तनिष्क बागची, जावेद-मोहसिन, अक्षय एंड आईपी, रोनी अजनाली और गिल मचराई ने तैयार किया है.
ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्या पर बड़ा एक्शन, शुभेंदु सरकार बनाएगी ‘होल्डिंग सेंटर’