पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक बार फिर आतंक की आग भड़क उठी. डेरा इस्माइल खान जिले में शुक्रवार देर रात जोरदार धमाके और गोलीबारी की घटनाओं ने पूरे इलाके को दहला दिया. सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के तीन आतंकवादी मारे गए हैं.
स्थानीय पुलिस के अनुसार, हमला एक भीषण विस्फोट के साथ शुरू हुआ, जिसके कुछ ही पलों बाद भारी गोलीबारी की आवाजें सुनाई दीं. डेरा इस्माइल खान पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी याकूब खान ने जानकारी दी कि आतंकियों का निशाना पुलिस बल था, लेकिन सुरक्षाकर्मियों की चौकसी और मुस्तैदी के चलते सभी हमलावरों को ढेर कर दिया गया. घटना में एक आत्मघाती हमलावर और उसके दो साथियों की मौत हुई है. सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान अभी भी जारी है. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई पुलिसकर्मी या नागरिक हताहत नहीं हुआ.
इलाके की घेराबंदी, सुरक्षा बढ़ाई गई
हमले के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों की टीमें बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचीं. डीपीओ सज्जाद अहमद साहिबजादा ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान तीनों आतंकवादी मारे गए और इलाके को पूरी तरह घेर कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. स्थानीय नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है.
लगातार बढ़ रहे हैं आतंकी हमले
खैबर पख्तूनख्वा में पिछले कुछ महीनों से आतंकी गतिविधियों में तेज़ी देखी जा रही है. खास तौर पर TTP जैसे प्रतिबंधित संगठन पुलिस और कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली एजेंसियों को निशाना बना रहे हैं. इससे पहले बन्नू, पेशावर, करक, लक्की मरवत और बाजौर जैसे इलाकों में भी कई घातक हमले हो चुके हैं. कुछ सप्ताह पहले दरबान क्षेत्र में एक सुरक्षा अभियान (IBO) के दौरान 13 आतंकियों को ढेर किया गया था. पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सितंबर 2025 में खैबर पख्तूनख्वा देश का सबसे ज्यादा आतंकवाद से प्रभावित प्रांत रहा. उस महीने 45 आतंकी हमलों में 54 लोगों की जान गई और 49 लोग घायल हुए.
आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई में तेज़ी
हालात को देखते हुए पाकिस्तान सरकार और सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ अभियान को तेज कर दिया है. खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए जा रहे अभियानों में लगातार बड़ी कामयाबी मिल रही है, लेकिन साथ ही हमलों में बढ़ोतरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल भी खड़े किए हैं.
यह भी पढ़ें: नंबर 1 दुश्मन अफगानिस्तान... भारत दौरे से भड़का पाकिस्तान दे डाली सख्त चेतावनी