कौन थे जुबीन गर्ग? जिनकी स्कूबा डाइविंग के दौरान हुई मौत, 'गैंगस्टर' का गाना 'या अली' गाकर हुए थे फेमस

भारतीय संगीत जगत ने आज एक चमकता सितारा खो दिया. मशहूर सिंगर और म्यूजिक कंपोज़र जुबीन गर्ग अब हमारे बीच नहीं रहे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुबीन की मौत सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हुए एक हादसे में हो गई.

Famed Ya Ali singer Zubeen Garg dies during scuba diving in Singapore
Image Source: Social Media

Who is Zubeen Garg: भारतीय संगीत जगत ने आज एक चमकता सितारा खो दिया. मशहूर सिंगर और म्यूजिक कंपोज़र जुबीन गर्ग अब हमारे बीच नहीं रहे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुबीन की मौत सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हुए एक हादसे में हो गई. इस दुखद खबर ने उनके चाहने वालों और पूरी फिल्म इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया है.

‘या अली’ से सबके दिलों में बस गए थे जुबीन

साल 2006 में आई फिल्म ‘गैंगस्टर’ का सुपरहिट गाना ‘या अली’ गाकर जुबीन गर्ग ने बॉलीवुड में तहलका मचा दिया था. इस गाने ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया. आज भी यह गाना लाखों लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल है. इसके बाद जुबीन ने कई बॉलीवुड गानों को अपनी आवाज दी और एक खास पहचान बनाई.

तीन साल की उम्र में थाम लिया था संगीत का दामन

जुबीन का जन्म मेघालय के तुरा में एक असमिया ब्राह्मण परिवार में हुआ था. उनके माता-पिता ने उनका नाम महान संगीतकार जुबिन मेहता के नाम पर रखा था. संगीत उन्हें विरासत में मिला—जहां उनकी मां इली बोरठाकुर खुद एक गायिका थीं और पिता मोहिनी बोरठाकुर एक मजिस्ट्रेट. जुबीन ने तीन साल की उम्र में गाना शुरू कर दिया था. उन्होंने 11 साल तक पंडित रॉबिन बनर्जी से तबला सीखा और फिर गुरु रमणी राय से असमिया लोक संगीत की शिक्षा ली.

नाम बदला, लेकिन पहचान और भी गहरी हो गई

जुबीन गर्ग का असली नाम जुबिन बोरठाकुर था, लेकिन 90 के दशक में उन्होंने अपना सरनेम बदलकर गर्ग रख लिया. ये बदलाव उनके म्यूज़िक करियर में मील का पत्थर साबित हुआ. जुबीन ने बॉलीवुड के अलावा असमिया, बंगाली, और अन्य भारतीय भाषाओं में 40 से ज्यादा भाषाओं में गाने गाए. असम में वे लंबे समय तक सबसे ज्यादा कमाई करने वाले सिंगर रहे.

व्यक्तिगत जीवन और विवाद भी रहे साथ

जुबीन ने 4 फरवरी 2002 को गरिमा सैकिया, जो कि एक फैशन डिज़ाइनर हैं, से शादी की थी. हालांकि, उनके जीवन में विवाद भी कम नहीं रहे. एक बार उन्होंने एक इवेंट में भगवान श्रीकृष्ण को लेकर बयान दिया था कि “वो भगवान नहीं, एक इंसान थे.” इस बयान को लेकर उन्हें माजुली जिला सत्र महासभा ने बैन कर दिया था.

ये भी पढ़ें: जान्हवी कपूर का काउगर्ल लुक बना इंटरनेट सेंसेशन, फैशन में फिर सबको छोड़ा पीछे!