Share Market: दिवाली के जश्न से पहले ही शेयर बाजार ने निवेशकों को शानदार तोहफा दे दिया है. लगातार चार कारोबारी सत्रों में बाजार ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि देखते ही देखते निवेशकों की दौलत में 10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का इजाफा हो गया. इस तेजी की वजह से न सिर्फ सेंसेक्स और निफ्टी रिकॉर्ड स्तरों के करीब पहुंचे, बल्कि कई दिग्गज कंपनियों के शेयरों ने भी जबरदस्त उछाल दिखाया.
बाजार में आई यह मजबूती सिर्फ घरेलू कारणों की वजह से नहीं, बल्कि विदेशी फैक्टर्स भी इसके पीछे बड़ी वजह रहे. जानकारों का मानना है कि ग्लोबल मार्केट्स से मिल रहे पॉजिटिव संकेत, एफआईआई का भरोसा, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रुपये की मजबूती ने मिलकर इस तेजी को सहारा दिया.
सेंसेक्स में जोरदार उछाल
बीएसई का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स पिछले चार दिनों में 2,333.39 अंक चढ़ा है. 14 अक्टूबर को जहां सेंसेक्स 82,029.98 अंकों पर था, वहीं अब ये बढ़कर 84,363.37 पर पहुंच चुका है. सोमवार को बाजार में 411.18 अंकों की तेजी दर्ज की गई. कारोबार के दौरान यह 84,656.56 के उच्चतम स्तर तक भी पहुंच गया था.
निफ्टी भी पीछे नहीं
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी भी इस दौड़ में कहीं पीछे नहीं रहा. 14 अक्टूबर से अब तक निफ्टी में 697.65 अंकों का उछाल आया है. निफ्टी सोमवार को 133.30 अंक बढ़कर 25,843.15 पर बंद हुआ. दिन के कारोबार में यह 25,926.20 तक भी गया.
किन शेयरों ने दिखाई ताकत?
इस तेजी के पीछे सबसे बड़ा योगदान रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक जैसे दिग्गज शेयरों का रहा, जिनके हालिया तिमाही नतीजे मजबूत रहे हैं. इसके अलावा बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, SBI, TCS, टाइटन और भारती एयरटेल के शेयरों में भी अच्छी तेजी देखी गई.
विदेशी बाजारों का भी मिला सपोर्ट
दक्षिण कोरिया, जापान, चीन और हांगकांग के शेयर बाजारों में मजबूती देखी गई, जो घरेलू बाजार के लिए पॉजिटिव सिग्नल साबित हुए. यूरोप और अमेरिका के मार्केट्स ने भी पॉजिटिव ओपनिंग दी. इसके साथ ही, ब्रेंट क्रूड की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई, जो भारत जैसे आयातक देश के लिए राहत भरी खबर है.
निवेशकों की जेब में 10 लाख करोड़ की चमक
बीएसई के मार्केट कैपिटलाइजेशन में जोरदार उछाल देखने को मिला. 14 अक्टूबर को जहां मार्केट कैप 4,59,67,652.36 करोड़ रुपये था, वहीं 20 अक्टूबर को यह बढ़कर 4,69,73,800.90 करोड़ रुपये पहुंच गया. यानी, सिर्फ चार दिन में निवेशकों ने 10,06,148.54 करोड़ रुपये की कमाई की है.
यह भी पढ़ें- क्या पाकिस्तान में आने वाली है तबाही? लगातार तीसरे दिन हिली धरती, लोगों में दहशत का माहौल