जून में मिलेगा एंटरटेनमेंट का बूस्टर डोज, एक्शन से लेकर हॉरर तक... रिलीज होंगी कई धांसू फिल्में

Film Releasing In June: जून 2026 का महीना सिनेमा प्रेमियों के लिए किसी फिल्मी उत्सव से कम नहीं होने वाला है. मई में जहां ‘दृश्यम 3’, ‘राजा शिवाजी’ और ‘पति पत्नी और वो दो’ जैसी फिल्मों ने थिएटर्स में खूब धमाल मचाया, वहीं अब जून में एंटरटेनमेंट का डोज और भी ज्यादा बढ़ने जा रहा है.

Film Releasing In June 2026 peddi welcome to the jungle
Image Source: Social Media

Film Releasing In June: जून 2026 का महीना सिनेमा प्रेमियों के लिए किसी फिल्मी उत्सव से कम नहीं होने वाला है. मई में जहां ‘दृश्यम 3’, ‘राजा शिवाजी’ और ‘पति पत्नी और वो दो’ जैसी फिल्मों ने थिएटर्स में खूब धमाल मचाया, वहीं अब जून में एंटरटेनमेंट का डोज और भी ज्यादा बढ़ने जा रहा है. इस महीने बड़े सितारों से सजी कई बहुप्रतीक्षित फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली हैं. एक्शन, रोमांस, हॉरर, कॉमेडी और देशभक्ति जैसे हर जॉनर की फिल्में दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं.

'पेड्डी'

जून की शुरुआत राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेड्डी’ से होने जा रही है. यह एक स्पोर्ट्स-एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है. फिल्म में राम चरण के साथ जाह्नवी कपूर लीड रोल में नजर आने वाली हैं. यह फिल्म तेलुगु, हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषा में 4 जून को रिलीज होगी. फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है.

‘बंदर’

क्राइम ड्रामा फिल्मों के लिए मशहूर डायरेक्टर अनुराग कश्यप इस बार ‘बंदर’ नाम की फिल्म लेकर आ रहे हैं. कुछ समय पहले फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया. अब यह फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. फिल्म की कहानी और अनुराग कश्यप का निर्देशन इसे खास बना रहा है.

‘है जवानी तो इश्क होना है’

वरुण धवन, पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर स्टारर फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ भी जून में रिलीज होने वाली बड़ी फिल्मों में शामिल है. यह एक रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन डेविड धवन ने किया है. कॉमेडी और फैमिली एंटरटेनमेंट पसंद करने वाले दर्शकों के लिए यह फिल्म खास मानी जा रही है. फिल्म 5 जून को थिएटर्स में रिलीज होगी.

‘मैं वापस आऊंगा’

रोमांटिक फिल्मों के लिए मशहूर निर्देशक इम्तियाज अली इस बार ‘मैं वापस आऊंगा’ लेकर आ रहे हैं. इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना, शरवरी वाघ और नसीरुद्दीन शाह जैसे कलाकार नजर आएंगे. यह एक रोमांटिक-म्यूजिकल फिल्म है, जो 12 जून से सिनेमाघरों में दर्शकों का मनोरंजन करेगी.

‘गवर्नर’

मनोज बाजपेयी स्टारर फिल्म ‘गवर्नर’ भी 12 जून को रिलीज होगी. यह फिल्म साल 1990-92 के दौरान भारत के आर्थिक संकट पर आधारित बताई जा रही है. फिल्म में मनोज बाजपेयी RBI के पूर्व गवर्नर एस. वेंकटरमणन से प्रेरित किरदार निभाते नजर आएंगे. कहानी दिखाएगी कि कैसे आर्थिक संकट के दौर में भारत को दिवालिया होने से बचाया गया था.

‘हॉन्टेड 3D: ईकोज ऑफ द पास्ट’

हॉरर फिल्मों के शौकीनों के लिए विक्रम भट्ट ‘हॉन्टेड 3D: ईकोज ऑफ द पास्ट’ लेकर आ रहे हैं. इस फिल्म में मिमोह चक्रवर्ती अहम भूमिका में नजर आएंगे. यह साल 2011 में आई ‘हॉन्टेड 3D’ का दूसरा पार्ट है. फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

‘भारत भाग्य विधाता’

कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ भी जून महीने में रिलीज होने जा रही है. मनोज तपाड़िया के निर्देशन में बनी यह फिल्म साल 2008 के मुंबई आतंकी हमले की पृष्ठभूमि पर आधारित है. फिल्म में दिखाया जाएगा कि कामा अस्पताल पर हुए हमले के दौरान अस्पताल के स्टाफ ने कैसे हालात को संभाला था. यह फिल्म भी 12 जून को थिएटर्स में दस्तक देगी.

‘कॉकटेल 2’

शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म ‘कॉकटेल 2’ भी इस महीने रिलीज होगी. होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म रोमांस और कॉमेडी का मिश्रण होगी. फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसे लेकर युवाओं के बीच काफी उत्साह है.

‘वेलकम 3’

अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम 3’ जून महीने की सबसे बड़ी रिलीज मानी जा रही है. अहमद खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा सुनील शेट्टी, परेश रावल, जैकी श्रॉफ, दिशा पाटनी और अरशद वारसी समेत 20 से ज्यादा कलाकार नजर आएंगे. यह मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और फैंस को इससे काफी उम्मीदें हैं.

ये भी पढ़ें: थिएटर्स के बाद OTT पर रिलीज होने जा रही ‘KD: The Devil’, जानिए कब और कहां होगी स्ट्रीम