Karnataka Bus Fire: कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. बेंगलुरु से शिवमोग्गा जा रही एक निजी स्लीपर बस में आग लगने से कई यात्रियों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं. घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48) पर हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, चित्रदुर्ग के हिरियूर के पास NH-48 पर बस की लॉरी से आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई, जो देखते ही देखते फैल गई. आग की चपेट में आने से बस पूरी तरह जल गई. बताया जा रहा है कि बस के अंदर फंसे कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका.
तेज रफ्तार लॉरी पर लापरवाही का आरोप
हादसे को लेकर यह आरोप सामने आए हैं कि लॉरी तेज रफ्तार में थी और उसने सेंट्रल डिवाइडर पार कर सामने से आ रही बस को टक्कर मारी. टक्कर के बाद आग लगने से स्थिति और भयावह हो गई. सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक नुकसान काफी हो चुका था.
राहत-बचाव कार्य जारी, घायलों का इलाज
हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने राहत-बचाव कार्य तेज किया. गंभीर रूप से झुलसे यात्रियों को नजदीकी सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. प्रशासन ने मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है. घटना के कारण कुछ समय के लिए NH-48 पर यातायात भी प्रभावित रहा.
हालिया बस अग्निकांड की दिलाई याद
इस हादसे ने अक्टूबर 2025 में हुए कुरनूल बस अग्निकांड की याद दिला दी, जिसमें 25 लोगों की मौत हुई थी. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने लंबी दूरी की बसों की सुरक्षा व्यवस्था और हाईवे पर भारी वाहनों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
तमिलनाडु में भी बड़ा सड़क हादसा
इसी बीच, एक अन्य दुर्घटना में बुधवार को तमिलनाडु में एक सरकारी बस के हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, तिरुचिरापल्ली से चेन्नई जा रही बस का एक टायर फट गया, जिससे चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस ने दिशा बदल ली.
डिवाइडर पार कर विपरीत लेन में घुसी बस
नियंत्रण खोने के बाद बस सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गई और विपरीत लेन में पहुंच गई. वहां उसकी टक्कर एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (SUV) और एक कार से हो गई. हादसे में मरने वालों में से सात लोग निजी वाहनों में सवार बताए जा रहे हैं.
पुलिस ने बताया कि दो बच्चों सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका सरकारी अस्पतालों में इलाज चल रहा है. मृतकों की औपचारिक पहचान की प्रक्रिया जारी है. दोनों ही घटनाओं के बाद संबंधित राज्यों में सड़क सुरक्षा और बसों की तकनीकी जांच को लेकर सख्ती बढ़ाने की मांग उठ रही है.
ये भी पढ़ें- Bangladesh Violence: तारिक रहमान की वापसी से पहले बांग्लादेश में बम धमाका, फिर भड़की हिंसा, एक की मौत