Delhi-NCR Weather: नए साल से पहले दिल्ली-एनसीआर में ठंड और कोहरे का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. सोमवार की सुबह राजधानी और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छा गया, जिससे दृश्यता कई जगहों पर शून्य के करीब पहुंच गई. कोहरे और शीतलहर की वजह से सड़क यातायात के साथ-साथ हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई उड़ानों में देरी दर्ज की गई है, वहीं एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है.
सोमवार की शुरुआत दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के साथ हुई. इंडिया गेट, अक्षरधाम, नरेला, आईजीआई एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों में सुबह के समय कोहरे की मोटी परत देखने को मिली. कई जगहों पर दृश्यता इतनी कम रही कि वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. इसके साथ ही ठंडी हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी है. वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी कई इलाकों में 350 के आसपास बना हुआ है, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है.
हवाई सेवाओं पर पड़ा असर
कोहरे के चलते दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन प्रभावित हुआ है. कई फ्लाइट्स अपने निर्धारित समय से देरी से रवाना हुईं. इस बीच इंडिगो एयरलाइन ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है.
#WATCH | दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में घना कोहरा छाए होने के कारण विजिबिलिटी कम हुई।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 29, 2025
(वीडियो धौला कुआं से है।) pic.twitter.com/8JhEzJlq9K
एयरलाइन ने कहा है कि दिल्ली और हिंडन एयरपोर्ट पर सुबह के समय ठंडी हवा और घना कोहरा छाया हुआ है. विजिबिलिटी में लगातार बदलाव के कारण फ्लाइट शेड्यूल प्रभावित हो रहे हैं और मौसम की स्थिति के चलते संचालन सामान्य से धीमा हो सकता है. एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि ग्राउंड टीमें सुरक्षा और विजिबिलिटी से जुड़े सभी मानकों को प्राथमिकता दे रही हैं और मौसम में सुधार के बाद उड़ानें धीरे-धीरे सामान्य हो जाएंगी.
नए साल में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, नए साल से पहले कोहरा लोगों की परेशानियां और बढ़ा सकता है. विभाग ने सोमवार के लिए कोहरे का ऑरेंज अलर्ट और मंगलवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही 1 जनवरी को राजधानी दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी या बारिश की संभावना जताई गई है, जो इस सर्दी की पहली बारिश हो सकती है. बारिश के बाद ठंड में और इजाफा होने के आसार हैं.
आने वाले दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को कई इलाकों में मध्यम कोहरा रहेगा, जबकि कुछ जगहों पर घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है. आसमान सामान्य तौर पर साफ रहने की संभावना है. इस दिन अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
मंगलवार को भी आसमान साफ रहेगा, लेकिन सुबह और देर रात मध्यम से घना कोहरा देखने को मिल सकता है. इस दौरान अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच रह सकता है.
31 दिसंबर यानी साल के आखिरी दिन भी मौसम लगभग ऐसा ही रहेगा. कोहरा हल्के से मध्यम स्तर का हो सकता है और अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है.
1 जनवरी से बदलेगा मौसम का मिजाज
नए साल के पहले दिन 1 जनवरी को आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं. सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा बना रह सकता है. इस दिन अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री तक रह सकता है. इसके बाद 2 और 3 जनवरी को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है.
प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 29 से 31 दिसंबर तक प्रदूषण का स्तर ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बना रहेगा. इसके बाद अगले करीब छह दिनों तक वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में रह सकती है.
हवाओं की गति भी प्रदूषण के फैलाव में बाधा बन रही है. रविवार को हवा की रफ्तार 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे रही. सोमवार को यह शून्य से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. मंगलवार को हवा की गति 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे और बुधवार को 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें - टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस में भीषण आग, दो डिब्बे जलकर खाक, AC बोगियों से धू-धू कर निकलने लगीं लपटें