आज भाजपा में शामिल होंगी लोकगायिका मैथिली ठाकुर, इस सीट से लड़ सकती हैं विधानसभा चुनाव

Maithili Thakur Join BJP: बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सभी प्रमुख राजनीतिक दलों में हलचल तेज हो गई है. खासतौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) नए और युवा चेहरों को पार्टी में शामिल करने की दिशा में सक्रिय नजर आ रही है.

Folk singer Maithili Thakur join the BJP today may contest assembly elections from Alinagar seat
Image Source: Social Media/X

Maithili Thakur Join BJP: बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सभी प्रमुख राजनीतिक दलों में हलचल तेज हो गई है. खासतौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) नए और युवा चेहरों को पार्टी में शामिल करने की दिशा में सक्रिय नजर आ रही है. इस बीच चर्चा है कि मशहूर लोकगायिका मैथिली ठाकुर जल्द ही बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर सकती हैं. सूत्रों की मानें तो पार्टी उन्हें दरभंगा जिले की अलीनगर विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारने पर गंभीरता से विचार कर रही है.

मैथिली ठाकुर का नाम बिहार ही नहीं, बल्कि देशभर में लोकगायन और शास्त्रीय संगीत की दुनिया में जाना-पहचाना है. खासतौर पर मिथिला क्षेत्र में उनकी जबरदस्त लोकप्रियता है. उन्होंने पारंपरिक लोकगीतों के जरिए युवाओं और ग्रामीण समाज में एक सांस्कृतिक चेतना जगाई है. बीजेपी की रणनीति के जानकारों का मानना है कि मैथिली ठाकुर जैसे चेहरों को शामिल करके पार्टी स्थानीयता, युवा ऊर्जा और सांस्कृतिक पहचान को साथ लेकर चुनावी रणनीति को मज़बूत बनाना चाहती है.

अलीनगर सीट पर बदलाव की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, दरभंगा की अलीनगर विधानसभा सीट से वर्तमान विधायक मिश्रीलाल यादव का टिकट इस बार कट सकता है. पार्टी आंतरिक सर्वे और फीडबैक के आधार पर सीट पर बदलाव की संभावना पर विचार कर रही है. ऐसे में पार्टी नेतृत्व मैथिली ठाकुर को इस सीट से उम्मीदवार बनाने की योजना पर काम कर रहा है.

बीजेपी प्रचार की स्टार बन सकती हैं मैथिली

बीजेपी में अगर मैथिली ठाकुर की औपचारिक एंट्री होती है, तो संभावना है कि पार्टी उन्हें न सिर्फ प्रत्याशी के रूप में, बल्कि राज्यव्यापी प्रचार अभियान का प्रमुख चेहरा भी बना सकती है. सोशल मीडिया पर उनकी जबरदस्त उपस्थिति, गांव-गांव तक उनकी लोकप्रियता, और मिथिला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान उन्हें एक ‘लोकप्रिय आइकन’ बनाती है. ऐसे में पार्टी उनके जरिए मिथिलांचल क्षेत्र में वोटरों से भावनात्मक और सांस्कृतिक जुड़ाव कायम करने की उम्मीद कर सकती है.

वरिष्ठ बीजेपी नेताओं से मुलाकात ने बढ़ाई राजनीतिक चर्चा

सूत्रों की मानें तो मैथिली ठाकुर ने हाल ही में बीजेपी के संगठन महामंत्री विनोद तावड़े से मुलाकात की थी. यह मीटिंग सार्वजनिक तौर पर किसी संगीत कार्यक्रम के बहाने हुई बताई जा रही है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को पार्टी में उनके संभावित प्रवेश के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.

पार्टी के आंतरिक सूत्रों का कहना है कि मैथिली ठाकुर से बातचीत काफी सकारात्मक रही है, और वे बिहार की राजनीति में नई ऊर्जा और चेहरा लाने की पार्टी की योजना का हिस्सा बन सकती हैं.

यह भी पढ़ें- यूपी में अब होमगार्ड भर्ती के लिए ये लोग नहीं कर सकेंगे आवेदन, योगी सरकार ने बदले नियम