दिल्ली को CM रेखा गुप्ता ने दी बड़ी सौगात, मोती नगर में 135 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास

राजधानी दिल्ली में आज एक महत्वपूर्ण विकास कार्य की शुरुआत हुई है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मोती नगर विधानसभा क्षेत्र में मदनलाल खुराना की कर्मभूमि पर 135 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया.

Foundation stone laid for development projects worth Rs 135 crore in Moti Nagar Delhi
Image Source: Social Media

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आज एक महत्वपूर्ण विकास कार्य की शुरुआत हुई है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मोती नगर विधानसभा क्षेत्र में मदनलाल खुराना की कर्मभूमि पर 135 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया. इस ऐतिहासिक मौके पर सांसद बांसुरी स्वराज, कैबिनेट सहयोगी प्रवेश साहिब सिंह और मोती नगर के विधायक हरीश खुराना भी मौजूद थे. यह परियोजनाएं मोती नगर और उसके आसपास के क्षेत्रों के लिए एक नई दिशा और उन्नति का प्रतीक बनेंगी.

सीएम रेखा गुप्ता ने क्या कहा? 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर जानकारी दी कि इन विकास परियोजनाओं से सीधे तौर पर 2 लाख से ज्यादा नागरिकों को लाभ होगा. उन्होंने कहा, ''विकास कार्यों का उद्देश्य न केवल सड़क, सीवर और पार्क जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है, बल्कि मोती नगर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के जीवन को आसान और सुरक्षित बनाना भी है. इन परियोजनाओं के पूरा होने से ट्रैफिक की समस्या कम होगी, जल निकासी बेहतर होगी और शहर की सड़कों की गुणवत्ता में सुधार आएगा.''

"2 लाख से ज्यादा नागरिकों को मिलेगा लाभ"

सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पर लिखा, ''इन विकास परियोजनाओं से सीधे तौर पर 2 लाख से ज्यादा नागरिकों को लाभ मिलेगा. परियोजनाओं में कीर्तिनगर में फुट ओवरब्रिज का निर्माण, सुदर्शन पार्क और करमपुरा में नजफगढ़ ड्रेन पर दो लेन पुलों का निर्माण, 67 सीवर पाइपलाइन और 72 सड़क परियोजनाएं शामिल हैं.''

इस शिलान्यास कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि ये परियोजनाएं स्वर्गीय मदनलाल खुराना जी के स्वच्छ और सुंदर दिल्ली के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं. उनकी दृष्टि और योगदान को ध्यान में रखते हुए यह विकास कार्य दिल्ली की जनता को दीर्घकालिक लाभ प्रदान करेंगे. इन परियोजनाओं के माध्यम से उनकी स्मृति को एक सशक्त श्रद्धांजलि दी जा रही है.

इस अवसर पर मौजूद सांसद और विधायक ने कहा कि यह विकास कार्य दिल्ली की प्रगति और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. स्थानीय नागरिकों ने भी इन परियोजनाओं के स्वागत में उत्साह व्यक्त किया और कहा कि यह कदम क्षेत्र के लिए बहुत लाभकारी साबित होगा.

ये भी पढ़ें: यमुना सफाई को लेकर महाअभियान शुरू, 70% गंदगी खत्म करने के लिए नजफगढ़ नाले में उतरी फिनलैंड की ये मशीन