ललित मोदी को अब आई अक्ल! माल्या संग वीडियो डालकर खुद को बताया था भगोड़ा, मांगने लगा सरकार से माफी

देश से फरार पूर्व आईपीएल चेयरमैन ललित मोदी अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भारी विवाद में घिरने के बाद अब बैकफुट पर नजर आ रहे हैं.

Fugitive businessman Lalit Modi apologized on social media
Image Source: Social Media

Lalit Modi: देश से फरार पूर्व आईपीएल चेयरमैन ललित मोदी अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भारी विवाद में घिरने के बाद अब बैकफुट पर नजर आ रहे हैं. भगोड़े कारोबारी विजय माल्या के साथ सामने आए वीडियो के बाद उठे तीखे विरोध और आलोचना के बीच ललित मोदी ने सोमवार (29 दिसंबर 2025) को सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है. उन्होंने कहा कि उनका किसी की भावनाएं आहत करने का कोई इरादा नहीं था और भारत सरकार के प्रति उनके मन में पूरा सम्मान है.

सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मांगी माफी

ललित मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर एक लंबा संदेश साझा करते हुए लिखा कि उनके बयान को गलत संदर्भ में लिया गया. उन्होंने कहा कि उनका मकसद किसी संस्था या सरकार का अपमान करना नहीं था.

अपने संदेश में ललित मोदी ने कहा, “अगर मेरी किसी बात या पोस्ट से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, खासकर भारत सरकार की, तो मैं इसके लिए खेद व्यक्त करता हूं. मेरी बात को गलत तरीके से समझा गया और उसे ऐसे पेश किया गया, जिसका मेरा आशय नहीं था. मैं एक बार फिर माफी चाहता हूं.”

उन्होंने यह भी जोड़ा कि वे भारत सरकार का सम्मान करते हैं और किसी भी तरह का टकराव या विवाद खड़ा करना उनका उद्देश्य नहीं था.

विजय माल्या के साथ वीडियो बना विवाद की जड़

पूरा विवाद उस वीडियो के सामने आने के बाद शुरू हुआ, जिसमें ललित मोदी और विजय माल्या एक साथ दिखाई दिए थे. यह वीडियो कथित तौर पर विजय माल्या के जन्मदिन समारोह का बताया जा रहा है. वीडियो में दोनों को साथ देखकर ही लोगों की नाराजगी शुरू हो गई, लेकिन आग में घी डालने का काम ललित मोदी के कैप्शन ने किया.

ललित मोदी ने यह वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए लिखा था, “ब्रेक द इंटरनेट… जन्मदिन मुबारक हो मेरे दोस्त #VijayMallya.”

इतना ही नहीं, वीडियो में उन्होंने खुद को और विजय माल्या को भारत के “दो सबसे बड़े भगोड़े” कहकर संबोधित किया, जिसे लोगों ने भारतीय कानून व्यवस्था और न्याय प्रणाली का खुला मजाक बताया.

सोशल मीडिया पर भड़का गुस्सा

वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कई यूजर्स ने आरोप लगाया कि देश से भागे आर्थिक अपराधी विदेश में बैठकर खुलेआम जश्न मना रहे हैं और भारतीय सिस्टम को ठेंगा दिखा रहे हैं.

कुछ लोगों ने यह भी कहा कि इस तरह के बयान उन हजारों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं, जिनका पैसा इन आर्थिक अपराधों में डूबा है. आलोचना इतनी तेज हो गई कि ललित मोदी को सफाई देनी पड़ी.

सफाई के बाद भी नहीं हटाया वीडियो

हालांकि ललित मोदी ने माफी मांग ली है, लेकिन उन्होंने विवादित वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटाया नहीं है. इस बात को लेकर भी कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर बयान पर उन्हें पछतावा है, तो वीडियो हटाने से क्यों बच रहे हैं.

ललित मोदी का कहना है कि उनके शब्दों को गलत ढंग से पेश किया गया और उनका आशय वैसा नहीं था, जैसा समझा गया.

ये भी पढ़ें- विजय माल्या-ललित मोदी ने खुद को गर्व से बताया 'भारत का सबसे बड़ा भगोड़ा', तंज कसते हुए वीडियो वायरल