T-20 वर्ल्ड कप से क्यों किया शुभमन गिल को बाहर? गंभीर से पूछा सवाल; जानें क्या बोले

Gautam Gambhir reaction on Shubman Gill:  टी20 वर्ल्ड कप 2026 की भारतीय टीम के ऐलान के साथ ही एक नाम सबसे ज्यादा चर्चा में आ गया—शुभमन गिल. उप-कप्तान होने के बावजूद गिल को 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिली, जिसने क्रिकेट जगत में कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

Gautam Gambhir reaction on Shubman Gill know what he says
Image Source: Social Media

Gautam Gambhir reaction on Shubman Gill:  टी20 वर्ल्ड कप 2026 की भारतीय टीम के ऐलान के साथ ही एक नाम सबसे ज्यादा चर्चा में आ गया—शुभमन गिल. उप-कप्तान होने के बावजूद गिल को 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिली, जिसने क्रिकेट जगत में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. शनिवार, 20 दिसंबर को टीम घोषित होने के बाद से ही इस फैसले पर बहस तेज है, लेकिन भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया देने से साफ इनकार कर दिया.


टीम चयन के तुरंत बाद जब गौतम गंभीर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे, तो मीडिया ने उनसे शुभमन गिल को बाहर रखने के फैसले पर सवाल पूछे. हालांकि पूर्व ओपनर ने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया और बिना रुके अपनी कार में बैठकर निकल गए. उनकी यह चुप्पी कई संकेत छोड़ गई और चयन को लेकर अटकलों को और हवा मिल गई.

चयनकर्ताओं ने क्यों काटा गिल का पत्ता

चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने 26 वर्षीय शुभमन गिल को टी20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर रखने का फैसला लिया. गिल ने एशिया कप के जरिए टी20 टीम में वापसी की थी और संजू सैमसन की जगह ओपनिंग करते नजर आए थे, लेकिन उनका प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा.
गिल ने 15 टी20 पारियों में 291 रन बनाए, उनका स्ट्राइक रेट 137.26 रहा, लेकिन वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके. पाकिस्तान के खिलाफ 47 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा, जो चयनकर्ताओं को खास प्रभावित नहीं कर सका.

चोट और फॉर्म ने बढ़ाई मुश्किल

गिल की परेशानी यहीं खत्म नहीं हुई. टखने की चोट के कारण वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी टी20 मुकाबले से बाहर हो गए. इस मौके का फायदा संजू सैमसन ने उठाया और 22 गेंदों में 37 रन की तेज पारी खेली. इसके बाद चयनकर्ताओं ने गिल और जितेश शर्मा दोनों को टीम से बाहर कर दिया. सैमसन को ओपनर की भूमिका सौंपी गई और अभिषेक शर्मा के साथ उनकी जोड़ी बनाई गई.

नई जिम्मेदारियों में अक्षर, लेकिन SKY पर सवाल

टीम में बदलाव के तहत अक्षर पटेल को टी20 का नया उप-कप्तान बनाया गया, जो कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ जिम्मेदारी संभालेंगे. दिलचस्प बात यह है कि जहां गिल को खराब फॉर्म के चलते बाहर कर दिया गया, वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव खुद भी अपने करियर के सबसे कमजोर दौर से गुजर रहे हैं. इस साल सूर्यकुमार यादव ने टी20 में 19 पारियों में सिर्फ 218 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 123.2 रहा है, जो उनके स्तर के खिलाड़ी के लिए निराशाजनक माना जा रहा है. इसके बावजूद वह टीम में बने हुए हैं.

कप्तानी बनी SKY की ढाल

PTI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सूर्यकुमार यादव का टीम में बने रहना उनके हालिया प्रदर्शन की वजह से नहीं, बल्कि कप्तानी के कारण है. रिपोर्ट में कहा गया है कि चयनकर्ताओं ने कप्तान को समय देने का फैसला किया है, जबकि शुभमन गिल का प्रदर्शन अभिषेक शर्मा जितना प्रभावशाली नहीं माना गया.साफ है कि कप्तानी ने सूर्यकुमार यादव को राहत जरूर दी है, लेकिन यह मोहलत ज्यादा लंबी नहीं मानी जा रही. आने वाले मैच तय करेंगे कि यह भरोसा कितना सही साबित होता है.

यह भी पढ़ें: इंडिया पाकिस्तान का मैच आज, जानें कहां और कैसे देख पाएंगे लाइव स्ट्रीमिंग