Bihar Amrit bharat express: गया से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है. जल्द ही एक नई सुपरफास्ट ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है जो न सिर्फ यात्रा को आसान बनाएगी, बल्कि समय की भी बचत करेगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अगस्त को गया जंक्शन से "अमृत भारत एक्सप्रेस" ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.
उद्घाटन के दिन विशेष ट्रेन संख्या 03621 "गया-दिल्ली अमृत भारत उद्घाटन स्पेशल" 22 अगस्त को सुबह 10:50 बजे गया जंक्शन से रवाना होगी और 23 अगस्त को तड़के 4:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी. इस दौरान ट्रेन का ठहराव अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, डीडीयू, सूबेदारगंज (प्रयागराज), गोविंदपुरी (कानपुर), टूण्डला और गाजियाबाद स्टेशनों पर होगा.
नियमित सेवा 28 अगस्त से
यह ट्रेन 28 अगस्त से नियमित सेवा में आ जाएगी. गाड़ी संख्या 13697/13698 "गया-दिल्ली-अमृत भारत एक्सप्रेस" सप्ताह में दो दिन, रविवार और गुरुवार को गया से चलेगी. गया से यह शाम 4:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12:00 बजे दिल्ली पहुंचेगी. दिल्ली से यह ट्रेन हर सोमवार और शुक्रवार को दोपहर 2:00 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:55 बजे गया पहुंचेगी.
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोचों की रचना
इस ट्रेन में कुल 22 डिब्बे होंगे, जिनमें 8 शयनयान (Sleeper Class), 11 सामान्य श्रेणी (General Class), एक पैंट्रीकार और दो एसएलआर कोच शामिल हैं. ट्रेन की यह संरचना इसे आम यात्रियों के लिए सुलभ और सुविधाजनक बनाती है.
स्थानीय यात्रियों को मिलेगा लाभ
रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस सेवा के शुरू होने से गया, सासाराम, डीडीयू और अन्य पड़ावों के यात्रियों को दिल्ली तक की यात्रा में काफी सहूलियत होगी. खासकर उन यात्रियों के लिए यह ट्रेन उपयोगी साबित होगी जो साप्ताहिक यात्राएं करते हैं या मेडिकल, शैक्षणिक और व्यवसायिक कार्यों के लिए राजधानी की ओर रुख करते हैं.
यह भी पढ़ें- ताइवान कर रही ड्रोन आर्मी तैयार, चीन को रोकने की पूरी तैयारी; क्या होगा ड्रैगन का अगला प्लान?