गोवा का अरपोरा इलाका शनिवार देर रात अफरा-तफरी में बदल गया, जब एक लोकप्रिय नाइट क्लब में अचानक लगी भीषण आग ने 25 लोगों की जान ले ली. ज्यादातर पीड़ित क्लब में काम करने वाले कर्मचारी थे, जबकि कुछ पर्यटक भी इस हादसे का शिकार बने. घटना के बाद जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, कई चौंकाने वाली जानकारियाँ सामने आती गईं—सबसे बड़ी बात यह कि क्लब के मालिक घटना के कुछ ही घंटों बाद देश छोड़कर भाग गए.
आग शनिवार देर रात करीब 12 बजे लगी, और इससे पहले कि प्रशासन घटनास्थल का मुआयना भी कर पाता, क्लब चलाने वाले दोनों भाई—सौरभ लूथरा (40) और गौरव लूथरा (44)—देश से बाहर निकल चुके थे.दोनों ने रविवार सुबह 5:30 बजे दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट पकड़कर थाईलैंड के फुकेट के लिए उड़ान भरी. घटना के बाद गोवा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्लब मैनेजर समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि सौरभ और गौरव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.