Google Warning: आज के डिजिटल युग में स्मार्टफोन ने हमारी जिंदगी को बेहद सरल और सुविधाजनक बना दिया है, लेकिन इसके साथ ही कई खतरों को भी जन्म दिया है. सबसे बड़ी चिंता डेटा सुरक्षा और बैंकिंग फ्रॉड है. हाल ही में, गूगल ने एक गंभीर चेतावनी जारी की है कि एंड्रॉयड और आईफोन दोनों प्लेटफॉर्म्स पर साइबर अपराधी फर्जी मैसेज के जरिए यूजर्स को निशाना बना रहे हैं. यह बढ़ती समस्या केवल कुछ खास देशों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया में साइबर ठगी के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है.
स्पैम मैसेज का खतरा बढ़ा
रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका और यूरोप में लाखों स्पैम मैसेज रोजाना भेजे जा रहे हैं. इन मैसेजों का उद्देश्य यूजर्स को किसी लिंक पर क्लिक करने या अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने के लिए प्रेरित करना है. यह मैसेज आमतौर पर ऐसे बहाने बनाकर भेजे जाते हैं, जैसे “आपका टोल भुगतान असफल रहा,” “आपका पार्सल डिलीवर नहीं हो सका,” या “रिफंड पाने के लिए लिंक पर क्लिक करें.” जैसे ही यूजर इन लिंक पर क्लिक करता है, उसका व्यक्तिगत डेटा और बैंकिंग डिटेल्स हैकर्स के पास पहुंच जाती हैं.
क्या कर रहे हैं गूगल और एप्पल?
गूगल ने एंड्रॉयड यूजर्स की सुरक्षा बढ़ाने के लिए अपनी सुरक्षा प्रणाली को और मजबूत किया है. हर महीने अरबों स्पैम कॉल्स और मैसेज को ब्लॉक किया जाता है, और जीमेल भी लगभग 99.9% स्पैम ईमेल को रोकता है. इसके बावजूद, कुछ फर्जी मैसेज इस फिल्टर से बचकर पहुंच जाते हैं. एप्पल ने भी iOS सिस्टम में कॉल स्क्रीनिंग और मैसेज फिल्टर जैसी सुविधाएं जोड़ी हैं, जो संदिग्ध लिंक और मैसेज को ब्लॉक करती हैं. हालांकि, साइबर ठग लगातार नए तरीके अपनाते हैं और यूजर्स को धोखा देने में सफल हो जाते हैं.
स्मिशिंग: एक नया धोखाधड़ी तरीका
गूगल और एप्पल की सभी सुरक्षा सुविधाओं के बावजूद, साइबर ठगी के मामले बढ़ते जा रहे हैं. फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार, ये धोखाधड़ी के मैसेज अक्सर बेहद आकर्षक होते हैं और यूजर्स को लिंक पर क्लिक करने के लिए ललचाते हैं. ये लिंक आमतौर पर पार्सल डिलीवरी, टोल पेमेंट या रिफंड जैसे विषयों से जुड़े होते हैं. फर्जी लिंक पर क्लिक करने के बाद हैकर्स यूजर का बैंक अकाउंट डेटा चुरा लेते हैं.
क्या करें अगर फर्जी लिंक पर क्लिक कर लिया हो?
फर्जी लिंक पर गलती से क्लिक कर लेने के बाद, सबसे पहला कदम है अपनी बैंकिंग जानकारी की जांच करना. साथ ही, अपना पासवर्ड तुरंत बदल लें. यदि आपको लगता है कि आपका डेटा चोरी हो गया है, तो तुरंत साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराएं. FBI की सलाह है कि किसी भी संदिग्ध या अनजान नंबर से आए मैसेज को बिना सोचे-समझे डिलीट कर दें. इस तरह के मैसेज को "स्मिशिंग" कहा जाता है, जो फिशिंग का मोबाइल संस्करण है.
सतर्क रहें: कोई बैंक OTP या पासवर्ड नहीं मांगता
ध्यान रखें, कोई भी वैध संस्था या बैंक कभी भी मैसेज के जरिए OTP, पासवर्ड या अकाउंट डिटेल्स नहीं मांगता. अगर आपको किसी संदिग्ध लिंक या मैसेज से संपर्क किया जाए, तो सबसे पहले उसे डिलीट कर दें. थोड़ी सी लापरवाही से आप साइबर ठगों के शिकार हो सकते हैं, जबकि सतर्कता और सावधानी से आप अपनी जानकारी और पैसों को सुरक्षित रख सकते हैं.
ये भी पढ़ें: बिना डिग्री वाले इन्फ्लुएंसर पर लगा बैन, किस देश में लागू हुआ ये नियम? सोशल मीडिया पर मचा बवाल