पहली बार 100 बिलियन डॉलर पार पहुंचा Google का रेवेन्यू, सुंदर पिचाई ने बताया कैसे आई ग्रोथ में तेजी

टेक दिग्गज गूगल और उसकी पैरेंट कंपनी अल्फाबेट (Alphabet Inc.) ने सितंबर 2025 तिमाही में अभूतपूर्व वित्तीय उपलब्धि हासिल की है.

Googles revenue crosses $100 billion for the first time
Image Source: Social Media

टेक दिग्गज गूगल और उसकी पैरेंट कंपनी अल्फाबेट (Alphabet Inc.) ने सितंबर 2025 तिमाही में अभूतपूर्व वित्तीय उपलब्धि हासिल की है. कंपनी ने पहली बार किसी तिमाही में 102.35 बिलियन डॉलर (करीब ₹9.06 लाख करोड़) का राजस्व अर्जित किया. यह आंकड़ा न केवल कंपनी के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ता है, बल्कि बताता है कि गूगल का कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) पर बढ़ता फोकस अब ठोस व्यावसायिक परिणाम दे रहा है.

गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने इस उपलब्धि को “ऐतिहासिक” बताते हुए कहा कि कंपनी के लगभग हर बिजनेस सेगमेंट में दो अंकों की ग्रोथ दर्ज की गई है. पिचाई ने अपने बयान में कहा, "हमने पहली बार 100 बिलियन डॉलर का क्वार्टर हासिल किया है. यह हमारे सर्च, यूट्यूब और क्लाउड जैसे कोर प्रोडक्ट्स की मजबूती और AI आधारित नवाचारों का नतीजा है. पांच साल पहले हमारा तिमाही राजस्व करीब 50 बिलियन डॉलर था, यानी इस अवधि में कंपनी ने अपनी ग्रोथ को दोगुना कर लिया है."

उन्होंने आगे कहा कि गूगल का AI-फुल स्टैक एप्रोच, यानी एआई के हर स्तर पर नवाचार कंपनी को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त दे रहा है.

Gemini, Veo और Nano से बढ़ी ताकत

गूगल ने हाल के महीनों में अपने Gemini AI मॉडल को लगातार अपग्रेड किया है.

वर्तमान में कंपनी के पास कई शक्तिशाली AI मॉडल हैं —

  • Gemini 2.5 Pro,
  • Veo (वीडियो जनरेशन प्लेटफॉर्म),
  • Genie 3, और
  • Nano (ऑन-डिवाइस AI सिस्टम).

सुंदर पिचाई ने बताया कि अब तक 1.3 करोड़ (13 मिलियन) से अधिक डेवलपर्स गूगल के AI टूल्स और APIs का इस्तेमाल कर रहे हैं. कंपनी इस साल के अंत तक Gemini 3 लॉन्च करने जा रही है, जो अब तक का सबसे एडवांस्ड मल्टीमॉडल AI मॉडल होगा.

सर्च और AI ओवरव्यूज से बना नया यूजर बेस

गूगल सर्च में भी कंपनी ने पिछले साल की तुलना में बड़ा बदलाव किया है. AI के उपयोग से अब सर्च अनुभव और अधिक व्यक्तिगत (Personalized) हो गया है. पिचाई ने बताया, "गूगल ने रिकॉर्ड समय में AI ओवरव्यूज और AI मोड जैसी सुविधाएं लॉन्च कीं. ये फीचर अब 40 भाषाओं में उपलब्ध हैं और रोजाना करीब 7.5 करोड़ (75 मिलियन) उपयोगकर्ता इनका इस्तेमाल कर रहे हैं."

इन नई सुविधाओं की वजह से गूगल सर्च की एंगेजमेंट रेट और क्लिक-थ्रू टाइम में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है.

AI ने बढ़ाई ग्रोथ की रफ्तार

  • गूगल ने बताया कि AI से जुड़े प्रोडक्ट्स और सर्विसेज कंपनी की ग्रोथ में अहम भूमिका निभा रहे हैं.
  • साल-दर-साल (YoY) नए ग्राहकों में 34% की वृद्धि हुई है.
  • मौजूदा ग्राहकों में से 70% से ज्यादा अब गूगल के AI-इंटीग्रेटेड टूल्स और क्लाउड प्रोडक्ट्स का उपयोग कर रहे हैं.
  • क्लाउड बिजनेस के तहत 13 प्रोडक्ट लाइनों ने 1 बिलियन डॉलर से अधिक का वार्षिक राजस्व रन रेट (ARR) हासिल किया है.

इससे स्पष्ट है कि गूगल अब केवल विज्ञापन-आधारित राजस्व पर निर्भर नहीं है, बल्कि क्लाउड और AI से जुड़ी सेवाएं उसकी आय का मजबूत स्तंभ बन चुकी हैं.

यूट्यूब शॉर्ट्स के दम पर स्ट्रीमिंग वर्ल्ड में नंबर वन

कंपनी की दूसरी बड़ी सफलता यूट्यूब से आई है. पिचाई ने बताया कि, "यूट्यूब पिछले दो वर्षों से अमेरिका में स्ट्रीमिंग वॉच टाइम के मामले में नंबर 1 प्लेटफॉर्म है."

दिलचस्प बात यह है कि YouTube Shorts, जो कि शॉर्ट-फॉर्म वीडियो कंटेंट का प्लेटफॉर्म है, अब पारंपरिक “इन-स्ट्रीम वीडियोज़” की तुलना में प्रति वॉच आवर अधिक राजस्व उत्पन्न कर रहा है.

यह ट्रेंड बताता है कि दर्शकों की रुचि तेजी से छोटे, आकर्षक और मोबाइल-फ्रेंडली कंटेंट की ओर बढ़ रही है, और यूट्यूब ने इस बदलाव को बखूबी अपनाया है.

ये भी पढ़ें- अमेरिकी सोयाबीन खरीदेगा चीन, टैरिफ कम होंगे... ट्रंप-जिनपिंग की 100 मिनट बातचीत में क्या हुए फैसले?