GT vs RR, IPL 2026: आईपीएल 2026 का फाइनल अब पूरी तरह तय हो चुका है. शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस ने दूसरे क्वालिफायर में राजस्थान रॉयल्स को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है. न्यू चंडीगढ़ में खेले गए इस हाईस्कोरिंग मुकाबले में गुजरात ने 215 रन के विशाल लक्ष्य को बेहद आक्रामक अंदाज में हासिल करते हुए राजस्थान का सफर खत्म कर दिया. कप्तान शुभमन गिल ने इस जीत में सबसे बड़ी भूमिका निभाई और शानदार शतक जड़कर टीम को तीसरी बार फाइनल में पहुंचा दिया.
राजस्थान की ओर से युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर धमाकेदार पारी खेली, लेकिन उनका संघर्ष टीम को जीत नहीं दिला सका. अब फाइनल में गुजरात टाइटंस की टक्कर मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगी.
खराब शुरुआत के बाद वैभव ने संभाली पारी
न्यू चंडीगढ़ के मैदान पर राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. हालांकि टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और शुरुआती दो ओवर में ही यशस्वी जायसवाल और कप्तान रियान पराग पवेलियन लौट गए. शुरुआती झटकों के बाद राजस्थान दबाव में नजर आ रही थी, लेकिन युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर जिम्मेदारी संभाली. उन्होंने रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर पारी को संभाला और टीम को बड़े स्कोर की ओर बढ़ाया.
वैभव इस बार अपनी सामान्य विस्फोटक बल्लेबाजी करते नहीं दिखे, लेकिन उन्होंने लगातार रन बटोरते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. उन्होंने इस सीजन का अपना पांचवां अर्धशतक भी पूरा किया.
शतक से चूके वैभव, फरेरा ने आखिर में मचाया तूफान
लगातार दूसरे मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी शतक के बेहद करीब पहुंचकर आउट हो गए. इस बार वह 47 गेंदों में 96 रन बनाकर थर्ड मैन पर कैच आउट हुए. वैभव की शानदार पारी के बाद आखिरी ओवरों में डॉनोवन फरेरा ने तूफानी बल्लेबाजी की. उन्होंने राशिद खान के एक ओवर में चार छक्के जड़ते हुए सिर्फ 11 गेंदों में नाबाद 38 रन बनाए. राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 214 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. गुजरात की ओर से जेसन होल्डर और कगिसो रबाडा ने दो-दो विकेट हासिल किए.
गुजरात को मिली जीवनदान जैसी गलती
215 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस के सामने इतिहास बदलने की चुनौती थी. इससे पहले टीम कभी भी आईपीएल में 210 से ज्यादा का लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी थी. कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की. हालांकि मैच का सबसे बड़ा मोड़ तब आया, जब डॉनोवन फरेरा ने साई सुदर्शन का आसान कैच छोड़ दिया. उस समय सुदर्शन सिर्फ 14 रन पर थे. राजस्थान की यही एक गलती बाद में उस पर भारी पड़ गई और गुजरात ने इसका पूरा फायदा उठाया.
गिल-सुदर्शन की साझेदारी ने बदला मैच
साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने राजस्थान के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा. सुदर्शन ने सिर्फ 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जबकि गिल ने 30 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली.
दोनों बल्लेबाजों के बीच सिर्फ 13 ओवर में 167 रन की विशाल साझेदारी हुई, जिसने मुकाबला पूरी तरह गुजरात के पक्ष में कर दिया. हालांकि सुदर्शन लगातार दूसरे मैच में हिट विकेट होकर आउट हुए, लेकिन तब तक वह 58 रन की अहम पारी खेल चुके थे.
कप्तान गिल ने खेली यादगार पारी
साई सुदर्शन के आउट होने के बाद कप्तान शुभमन गिल ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठाई और प्लेऑफ मुकाबलों में अपना दूसरा शतक पूरा किया. गिल ने सिर्फ 53 गेंदों में 104 रन की विस्फोटक पारी खेली. उनकी इस शानदार बल्लेबाजी ने राजस्थान की उम्मीदों को पूरी तरह खत्म कर दिया. आखिर में जॉस बटलर, वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया ने टीम को 18.4 ओवर में ही जीत दिला दी.
तीसरी बार फाइनल में पहुंची गुजरात
इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने पांच सीजन में तीसरी बार आईपीएल फाइनल में जगह बना ली है. अब खिताबी मुकाबले में शुभमन गिल की टीम का सामना मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा. वहीं राजस्थान रॉयल्स का शानदार सफर दूसरे क्वालिफायर में हार के साथ समाप्त हो गया.
ये भी पढ़ें: युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी का ऐतिहासिक कारनामा, IPL में ऐसा करने वाले बने पहले खिलाड़ी