युवाओं में लोकप्रियता...पार्टी में मजबूत पकड़, कौन हैं हर्ष संघवी? जिन्हें बनाया गया गुजरात का नया डिप्टी CM

Gujrat New Deupty CM Harsh Sanghvi: गुजरात की राजनीति में एक बड़ा बदलाव उस वक्त सामने आया जब मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में नई कैबिनेट का गठन किया गया. शुक्रवार को हुए शपथ ग्रहण समारोह में कुल 19 मंत्रियों ने अपने पद की शपथ ली.

Gujrat New Deupty CM Harsh Sanghvi new cabinet expansion
Image Source: Social Media

Gujrat New Deupty CM Harsh Sanghvi: गुजरात की राजनीति में एक बड़ा बदलाव उस वक्त सामने आया जब मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में नई कैबिनेट का गठन किया गया. शुक्रवार को हुए शपथ ग्रहण समारोह में कुल 19 मंत्रियों ने अपने पद की शपथ ली, जिससे राज्य की सियासी दिशा में नई ऊर्जा का संचार हुआ है. एक दिन पहले यानी गुरुवार को भूपेंद्र पटेल को छोड़ सभी मंत्रियों ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था, जिससे नई टीम का रास्ता साफ हो गया.


इस नई टीम में सबसे बड़ा चेहरा हर्ष सांघवी बनकर उभरे हैं. सूरत से विधायक और अब तक गृह राज्य मंत्री की भूमिका निभा रहे सांघवी को अब गुजरात का उपमुख्यमंत्री बना दिया गया है. पार्टी ने यह निर्णय उनकी मजबूत संगठनात्मक पकड़ और युवाओं में उनकी लोकप्रियता को ध्यान में रखते हुए लिया है. माना जा रहा है कि यह पदोन्नति उन्हें भविष्य की बड़ी ज़िम्मेदारी की ओर ले जा सकती है.

कौन हैं हर्ष सांघवी?

हर्ष सांघवी गुजरात की राजनीति में तेजी से उभरे युवा चेहरों में गिने जाते हैं. उन्होंने गृह राज्य मंत्री के रूप में कठोर और असरदार प्रशासनिक छवि बनाई है. अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर उनके कदमों की सराहना हुई है. संगठन के भीतर भी उनकी गहरी पकड़ है, खासकर युवाओं और शहरी वोटरों के बीच.

भूपेंद्र पटेल की नई कैबिनेट में कौन-कौन शामिल?

नई कैबिनेट में कई नए चेहरे देखने को मिले हैं, जबकि कुछ पुराने मंत्रियों को भी दोबारा जगह दी गई है. कुल 26 सदस्यों की सूची में से 19 ने मंत्री पद की शपथ ली है. शपथ लेने वालों में स्वरूपजी ठाकोर, प्रवीणकुमार माली, ऋषिकेश पटेल, दर्शना वाघेला, कुंवरजी बावलिया, रीवाबा जडेजा, अर्जुन मोढवाडिया, पुरुषोत्तम सोलंकी, जितेंद्र वाघानी, प्रफुल पनशेरिया, हर्ष सांघवी और कनुभाई देसाई जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं.

पार्टी के भीतर दिखा नई सोच का संकेत

भूपेंद्र पटेल की अगुवाई में जिस तरह से पूरी कैबिनेट को नए सिरे से रचने की प्रक्रिया अपनाई गई, वह इस बात का संकेत है कि भाजपा राज्य में एक नई राजनीतिक रणनीति के साथ आगे बढ़ना चाहती है. लगातार सत्ता में बने रहने के लिए पार्टी अब नए चेहरों और जनमानस से जुड़ी छवियों को प्राथमिकता दे रही है.

यह भी पढ़ें: गुजरात की नई कैबिनेट में 6 मंत्री हुए रिपीट, रिवाबा जडेजा को मौका, देखें भूपेंद्र सरकार का मंत्रिमंडल